धमतरी में नशे पर वार, लाखों के गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार…

धमतरी जिले की सिहावा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोटरसाइकिल में गांजा भरकर छत्तीसगढ़ से राजस्थान ले जाने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।
दरअसल, सिहावा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हीरो स्प्लेण्डर मोटरसाइकिल में अवैध गांजा लेकर देवभोग-मेचका मार्ग से सांकरा होते हुए राजस्थान जाने वाला है। सूचना मिलते ही थाना सिहावा पुलिस ने फॉरेस्ट नाका सांकरा में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोंटू शर्मा, पिता रामेश्वर शर्मा, उम्र 40 वर्ष, निवासी मुंशीराम कॉलोनी, मुखर्जी नगर, उत्तर पश्चिम दिल्ली बताया। तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी के स्काई ब्लू रंग के पिट्ठू बैग और प्लास्टिक पॉलिथीन से कुल 7 किलो 724 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
जप्त किए गए गांजे की कीमत लगभग 4 लाख 35 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
सिहावा पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आया था और इसे राजस्थान में किन लोगों तक पहुंचाने की तैयारी थी।