
धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक के अंतिम छोर पर बसे ग्राम पंचायत जैतपुरी के आश्रित ग्राम कोडमूड में जंगल किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि युवक की मौत तेंदुए के हमले में हुई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस और वन विभाग की टीम जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक कोडमूड निवासी चौवतराम मंडावी, पिता सराधू मंडावी, उम्र करीब 45 वर्ष, मंगलवार सुबह भोजन करने के बाद घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने पहले गांव और आसपास के इलाकों में तलाश की, मगर उनका कोई सुराग नहीं मिला।
गुरुवार को ग्रामीणों और परिजनों ने दोबारा जंगल की ओर खोजबीन शुरू की। इस दौरान जंगल के रास्ते में खून के निशान दिखाई दिए। निशानों का पीछा करते हुए कुछ दूरी पर चौवतराम मंडावी का शव बरामद किया गया। शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों ने आशंका जताई कि किसी जंगली जानवर, संभवतः तेंदुए ने हमला कर युवक की जान ले ली
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र के जंगलों में पहले भी तेंदुआ कई मवेशियों और जंगली जानवरों का शिकार कर चुका है। शाम होते ही गांव और सड़क किनारे तेंदुए की मौजूदगी कई बार देखे जाने की बात भी ग्रामीणों ने कही है। घटना के बाद गांव में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि मृतक अविवाहित था और अपनी वृद्ध मां के साथ अलग रहकर खेती-किसानी कर जीवन यापन करता था। युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। वन विभाग भी यह पता लगाने में जुटा है कि युवक की मौत तेंदुए के हमले से हुई या फिर इसके पीछे कोई और वजह है।
फिलहाल पूरे मामले ने जंगल से लगे गांवों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।