CG – बेखौफ हुए रीलबाज : हाईवे पर शैंपेन उड़ाते नजर आई लड़की, रैंप वॉक कर कार पर चढ़कर दिया पोज, फिर जो हुआ…..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में कानून और पुलिस का खौफ शातिर अपराधियों और युवाओं के बीच नजर नहीं आ रहा। ऐसा ही एक मामला बिलासपुर से आया है। यहां नेशनल हाइवे पर एक लड़की कार के सामने शैंपेन की बोतल के साथ रैंप वाॅक करती नजर आयी, यहीं नहीं इसके बाद लड़की ने चलती कार की छत पर बैठकर डांस करते हुए रील बनाये। सोशल मीडिया में वीडियों वायरल होने के बाद तुरंत बाद पुलिस हरकत में आई और कार के नंबर के आधार पर अपराध दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला बिलासपुर के कोनी थाना क्षेत्र का है। जहां बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर कानून व्यवस्था और यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि तुर्काडीह ओवरब्रिज के पास एक युवती चलती कार की सनरूफ पर बैठकर डांस करती नजर आई। इतना ही नहीं, बीच सड़क कार खड़ी कार के सामने शैंपेन की बोतल के साथ जश्न मनाते हुए वीडियो भी शूट कराया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आयी।
एएसपी रामगोेपाल करियारे ने बताया कि मामले में वाहन जब्त कर लिया गया है और कार चालक के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है कि जिले में पुलिस लगातार सड़क पर स्टंट, हुड़दंग और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान चला रही है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। बावजूद इसके कुछ युवा सोशल मीडिया पर वायरल होने और दिखावे के लिए कानून व्यवस्था को चुनौती देने से बाज नहीं आ रहे हैं।



