धमतरीनगरी

नगरी क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, सोंढूर नहर परियोजना को मिली रफ्तार…

धमतरी… नगरी क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित सोंढूर नहर परियोजना के अंतर्गत वर्षों से लंबित नहर लाइनिंग कार्य अब तेज गति से प्रारंभ हो गया है। कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज गुरुवार को नगरी प्रवास के दौरान फारसिया के समीप प्रगतिरत सिंगपुर–दुगली नहर लाइनिंग कार्य का स्थल निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता, प्रगति तथा तकनीकी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से परियोजना की निविदा प्रक्रिया, भौतिक प्रगति, सिंचित क्षेत्र तथा लाभान्वित होने वाले गांवों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्माण एजेंसी एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए तथा तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि नहरों की लाइनिंग से जल रिसाव में कमी आएगी, जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा अंतिम छोर तक किसानों को सुचारु रूप से सिंचाई जल उपलब्ध हो सकेगा। इससे खेती की उत्पादकता बढ़ने के साथ किसानों की आय में भी सकारात्मक वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की मंशा के अनुरूप सिंचाई सुविधाओं का विस्तार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री बी.के. मगेंद्र ने बताया कि नगरी वितरक नहर की कुल लंबाई 30 किलोमीटर है, जबकि दुगली–सिंगपुर नहर का 22 किलोमीटर विस्तार प्रस्तावित है। परियोजना के अंतर्गत छह उप-वितरक शाखाओं सहित कुल 36 किलोमीटर लंबाई में लाइनिंग कार्य किया जाएगा। परियोजना पूर्ण होने के बाद लगभग 4426 हेक्टेयर अतिरिक्त कृषि भूमि सिंचित होगी, जिससे नगरी एवं आसपास के अनेक गांवों के किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए 60 करोड़ 53 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है, जबकि संशोधित प्राक्कलन के अनुसार 173 करोड़ 28 लाख रुपये की पुनरीक्षित स्वीकृति प्रस्तावित है। वर्तमान में विभिन्न चरणों में निर्माण कार्य तेजी से जारी है।

कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा स्थानीय श्रमिकों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। साथ ही किसानों से सतत संवाद बनाए रखते हुए उनकी आवश्यकताओं एवं सुझावों को ध्यान में रखकर कार्य करने को कहा।

सोंढूर नहर लाइनिंग परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में सिंचाई क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इससे जल प्रबंधन बेहतर होगा, दोहरी फसल लेने की संभावनाएं बढ़ेंगी तथा कृषि आधारित ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। किसानों ने भी वर्षों बाद कार्य प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के कृषि विकास के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button