ग्रामीण
नगरी/बेलरगांव। ग्रामीण साहू समाज बेलरगांव द्वारा साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर जागृति अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साइबर एक्सपर्ट एवं पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित समाजजनों को ऑनलाइन ठगी के अलग-अलग तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे सतर्क रहने की अपील की।
कार्यक्रम में एसडीओपी नगरी विपिन रंगारी एवं साइबर सेल धमतरी की टीम ने साइबर अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए। उन्होंने कहा कि अनजान नंबरों से आने वाले फोन, मैसेज और लिंक से सावधान रहें। किसी भी अनजान लिंक को ओपन न करें और OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

लोगों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और लिंक के जरिए होने वाली साइबर धोखाधड़ी के बारे में भी जानकारी दी गई। साइबर एक्सपर्ट ने बताया कि ठग अक्सर लोगों को लालच या डर दिखाकर अपने जाल में फंसाते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के दबाव में आकर पैसे ट्रांसफर न करें और न ही अपनी गोपनीय जानकारी साझा करें।
साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में पीड़ित को बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। साथ ही समाज के लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें।
अभियान के माध्यम से “जागरूक नागरिक, जागरूक परिवार और जागरूक समाज” का संदेश दिया गया…
कार्यक्रम में खेमू साहू अध्यक्ष ग्रामीण साहू समाज बेलरगांव, सुभाष चंद्र साहू संगठन सचिव जिला साहू संघ धमतरी, टिकेश्वर साहू उपाध्यक्ष कर्मचारी प्रकोष्ठ जिला साहू संघ धमतरी, मनीराम साहू अध्यक्ष परिक्षेत्र बेलरगांव, लिलम्बर सिंह साहू उपाध्यक्ष, पवन कुमार साहू अध्यक्ष कर्मचारी प्रकोष्ठ परिक्षेत्र, आदेश्वर साहू उपाध्यक्ष ग्रामीण, नारद साहू सचिव ग्रामीण साहू समाज बेलरगांव, प्रदीप साहू कोषाध्यक्ष, प्रकाश चंद साहू, यतेन्द्र साहू, शिवकुमार साहू, धनंजय साहू युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष, किरण साहू व्यापारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष, महेश्वरी साहू महासभा सदस्य, भुनेश्वरी साहू अध्यक्ष ग्रामीण साहू समाज बेलरगांव एवं कल्पना साहू सचिव सहित समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
