CG – “भोंगापाल चलो” : प्रदेश स्तरीय बुद्ध जयंती समारोह को सफल बनाने बौद्ध समाज की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न…

“भोंगापाल चलो” : प्रदेश स्तरीय बुद्ध जयंती समारोह को सफल बनाने बौद्ध समाज की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
लंजोड़ा। आज लंजोड़ा स्थित बुद्ध विहार में बौद्ध समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 31 मई 2026, दिन रविवार को भोंगापाल में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय बुद्ध जयंती समारोह एवं अंतर्राष्ट्रीय बुद्ध शांति पार्क स्थापना दिवस कार्यक्रम को भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में उपस्थित समाजजनों ने संकल्प लिया कि बस्तर संभाग सहित पूरे छत्तीसगढ़ से अधिक से अधिक संख्या में बौद्ध अनुयायी कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान गौतम बुद्ध के शांति, करुणा, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
भगवान गौतम बुद्ध ने विश्व को अहिंसा, प्रेम, भाईचारे एवं सत्य का मार्ग दिखाया। उनका संदेश आज भी समाज को एकता, सद्भाव और मानव कल्याण की प्रेरणा देता है। बुद्ध जयंती समारोह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता, समानता और मानवता का महापर्व है।
इस अवसर पर लौंडीगुड़ा क्षेत्र से बौद्ध समाज के अनेक पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से श्रीमती फुलेश्वरी मेश्राम (उपाध्यक्ष), रीना मेश्राम (कोषाध्यक्ष), खगेश्वर नेलकर (पूर्व अध्यक्ष), हेमराव खापर्डे, बिल्लू वैद्य (पूर्व अध्यक्ष) एवं तरुण बंजारी शामिल रहे।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि लौंडीगुड़ा एवं आसपास के गांवों से बच्चे, युवा, महिलाएं एवं बुजुर्ग बड़ी संख्या में भोंगापाल पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएंगे।
उपाध्यक्ष फुलेश्वरी मेश्राम ने कहा कि यह आयोजन बौद्ध समाज की एकता, संस्कृति और सामाजिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने बस्तर संभाग एवं पूरे छत्तीसगढ़ के बौद्ध समाज से अपील करते हुए कहा कि सभी समाजजन अधिक से अधिक संख्या में भोंगापाल पहुंचकर इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।



