
धमतरी पुलिस को अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। अर्जुनी थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 400 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करोड़ों रुपए आंकी जा रही है। इस मामले में एक नाबालिग समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हुई है।
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 400 किलो से अधिक गांजा जब्त किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जगदलपुर से रायपुर की ओर भारी मात्रा में गांजा कार और पिकअप वाहन के जरिए ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने धमतरी-कांकेर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित श्यामतराई वन विभाग जांच नाका के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। जांच के दौरान एक कार और एक पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई, जहां दोनों वाहनों से अलग-अलग पैकेटों में भरा हुआ 400 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग सहित पांच लोगों को हिरासत में लिया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध कारोबार के तार किन राज्यों और किन लोगों से जुड़े हुए हैं।
धमतरी पुलिस की यह कार्रवाई जिले में अब तक की बड़ी मादक पदार्थ विरोधी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है। इससे पहले भी पुलिस ने सिहावा वनांचल क्षेत्र समेत कई इलाकों में अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाकर बड़ी सफलताएं हासिल की हैं।
फिलहाल पुलिस बरामद गांजे की सटीक मात्रा, उसकी कीमत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है… मामले का विस्तृत खुलासा जल्द किए जाने की बात कही जा रही है।



