धमतरीनगरी

नगरी बनेगी नगर पालिका? परिषद ने सर्वसम्मति से पारित किया प्रस्ताव, 16 लाख के आधुनिक सभा कक्ष का हुआ लोकार्पण..!

 सामान्य परिषद की बैठक में नगर पंचायत को नगर पालिका बनाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित, विकास और स्वच्छता पर हुए महत्वपूर्ण फैसले

नगरी नगर पंचायत नगरी के विकास की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। नगर पंचायत कार्यालय के प्रथम तल पर लगभग 16 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक सभा कक्ष का लोकार्पण नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, उपाध्यक्ष विकास बोहरा एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ हुई।

नवीन सभा कक्ष में आयोजित सामान्य परिषद की बैठक में नगर विकास, स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं एवं प्रशासनिक उन्नयन से जुड़े आठ प्रमुख विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय नगर पंचायत नगरी को नगर पालिका का दर्जा दिलाने संबंधी प्रस्ताव का सर्वसम्मति से पारित होना रहा, जिसे नगर के भविष्य के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

बैठक में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। जिला स्वच्छता निरीक्षक दुर्गेश साहू ने शासन की नई स्वच्छता गाइडलाइन की जानकारी देते हुए नगर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए। साथ ही विभिन्न निर्माण कार्यों की समीक्षा कर उनकी प्रगति का आकलन किया गया।

परिषद ने लंबित पेंशन प्रकरणों तथा राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के पात्र हितग्राहियों के आवेदनों को भी स्वीकृति प्रदान की। जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और नगर के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने कहा कि नवीन सभा कक्ष केवल एक भवन नहीं, बल्कि नगर के विकास का विचार मंच है। उन्होंने विश्वास जताया कि इसी मंच से नगरहित के महत्वपूर्ण निर्णय लेकर विकास कार्यों को नई गति दी जाएगी।

बैठक में उपाध्यक्ष विकास बोहरा, सभापति अश्वनी निषाद सहित सभी पार्षद, सीएमओ यशवंत वर्मा तथा नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। नगरवासियों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि नगर पालिका बनने का सपना कब साकार होता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button