CG – जगदलपुर शहर के साथ-साथ संपूर्ण बस्तर जिले में व्यवस्थित पौधरोपण की योजना बनाई जा रही है : विधु शेखर झा

व्यवस्थित पौधरोपण की तैयारी
जगदलपुर। इस वर्ष जगदलपुर शहर के साथ-साथ संपूर्ण बस्तर जिले में व्यवस्थित पौधरोपण की योजना बनाई जा रही है। जगदलपुर शहर के 48 वार्ड एवं आसपास के क्षेत्र में जहां जमीन उपलब्ध है जिसमें कम से कम 10 पौधे लगाए जा सके ऐसे स्थान को चिन्हित कर योजना बनाई जा रही है। जगदलपुर महापौर संजय पांडे एवं वन विभाग के मुख्य वन संरक्षक बस्तर संभाग आलोक तिवारी डीएफओ बस्तर उत्तम गुप्ता इस पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।
इस संदर्भ में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी पर्यावरण उप समिति के एवं पर्यावरण प्रेमियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि जगदलपुर शहर के संपूर्ण 48 वार्ड में ऐसे स्थान का चयन किया जाए जहां कम से कम विभिन्न प्रजाति के 10 पौधे लगाए जा सकें। ऐसे स्थान भविष्य में किसी योजना का हिस्सा ना बने तथा किसी प्रकार की आपत्ति ना हो। यह स्थान नजूल,शासकीय भूमि, निजी भूमि अथवा कॉलोनी का स्थान भी हो सकता है ।जिसमें संबंधित के द्वारा सहमति भी प्रदान हो। ऐसे स्थान का चयन स्थानीय पार्षद, विभाग, कालोनी, निगम,संबंधित की भी सहमति हो। स्थान के चयन हो जाने के पश्चात वहां भूमि में उचित प्रकार की प्रजाति के पौधे शहरवासी, स्थानीय पर्यावरण प्रेमियों के साथ उत्सव के रूप में लगाया जाएगा।
प्रत्येक स्थान पर पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों को जिम्मेदारी लेने हेतु आव्हान किया जा रहा है। पौधा लगाने के बाद ऐसे पर्यावरण प्रेमियों के द्वारा उन पौधों का फॉलोअप भी लिया जावेगा। पौधारोपण के दिन से ही 1000 दिन तक पौधे को जीवित रखने का संकल्प लेने वाले पर्यावरण प्रेमी, वार्ड वासी,कोई परिवार , समाज, संगठन भी हो सकते हैं। जो रुचि ले रहे हैं वह अपने वार्ड पार्षद, रेड क्रॉस सोसाइटी के कोई सदस्य, शहर के पर्यावरण प्रेमी से संपर्क कर सकते हैं। सहमति के लिए 998 135 9606 पर भी संपर्क कर सकते हैं या व्हाट्सएप कर सकते हैं।
उपस्थित लोगों ने बस्तर जिला एवं जगदलपुर में गत 10 से 15 वर्ष में तापमान बढ़ोतरी पर चिंता की। सभी ने आपसी सहमति से इसके निदान के लिए वृक्षारोपण को महत्वपूर्ण माना तथा इस दिशा में सभी मिलजुल कर अपने स्तर पर प्रयास करें इस पर सहमति व्यक्त की।
इस बैठक में प्रमुख रूप महापौर की प्रतिनिधि के रूप में एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही ,लक्ष्मण झा भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी पर्यावरण उप समिति के अध्यक्ष विधु शेखर झा,सुभाष क्षेत्रपाल,संतोष वर्मा,अंजू झा सह सचिव,एच वाई कुकड़े,रतन व्यास,रामनरेश पांडे, उमा गुप्ता, प्रेमजीत निराला, देवेंद्र देवांगन,नवीन बोथरा,संजीव पिल्ले, पी नागेंद्र,पूर्णिमा सरोज,अभिषेक कौशल ,विनय डनसेना , एसडीओ योगेश रात्रे, रेंजर देवेंद्र वर्मा सहित अनेक पर्यावरण प्रेमी उपस्थित थे।


