CG – युवाओं के लिए खुशखबरी, ग्राम पंचायत सचिव भर्ती समेत तीन जिलों में बेरोजगार युवाओं को मिलेगी नौकरी, कई पदों पर होंगे प्लेसमेंट कैंप…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए खुशखबरी है। सुकमा, कोरिया, गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में रोजगार मेला व प्लेसमेंट कैप का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन अलग-अलग तारीख पर किया जाएगा।
जिले के युवाओं के लिए रोजगार का एक महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। जिला पंचायत सुकमा (छत्तीसगढ़) अंतर्गत ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सचिव (पंचायतकर्मी) के रिक्त 22 पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। जिला प्रशासन द्वारा स्थानीय प्रतिभाओं को प्राथमिकता देते हुए केवल सुकमा जिले के निवासियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, जिससे ग्रामीण युवाओं को अपने ही क्षेत्र में सेवा और रोजगार का अवसर प्राप्त होगा।
कलेक्टर एवं जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में संचालित यह भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं नियमानुसार होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 30 जून 2026 को सायं 5ः30 बजे तक स्पीड पोस्ट अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से अपना आवेदन कार्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सुकमा में भेज सकते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित माध्यम के अतिरिक्त अन्य किसी भी माध्यम से प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
जिला प्रशासन का यह कदम पंचायत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को शासन-प्रशासन की विकासात्मक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी जिला पंचायत सुकमा, कोन्टा एवं छिंदगढ़ के नोटिस बोर्डों के साथ-साथ जिला प्रशासन की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है, जिससे अभ्यर्थियों को समय पर आवश्यक जानकारी प्राप्त हो सके।
कोरिया 12 से 22 जून प्लेसमेंट कैंप
जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पंचायत कोरिया के जिला मिशन प्रबंधन इकाई श्बिहानश् द्वारा विकासखंड स्तरीय रोजगार कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। सुरक्षा क्षेत्र में नियुक्ति के लिए आयोजित होने वाले इन कैंपों में इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के निर्देशानुसार 12 जून से 22 जून तक बैकुंठपुर एवं सोनहत विकासखंड के विभिन्न स्थानों पर रोजगार कैंप आयोजित किए जाएंगे। कैंप का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 जून को जनपद पंचायत सोनहत, 13 जून को जनपद पंचायत बैकुंठपुर, 15 जून को पटना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पोड़ी, 16 जून को शासकीय आईटीआई सलका, 18 एवं 19 जून को बैकुंठपुर क्षेत्र में तथा 22 जून को शासकीय आईटीआई कटगोड़ी में रोजगार कैंप आयोजित किए जाएंगे।
जिला मिशन प्रबंधन इकाई ‘बिहान‘ ने संबंधित अधिकारियों को कैंपों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इन रोजगार शिविरों के माध्यम से जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी सुरक्षा क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
जिला प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों में आयोजित रोजगार कैंपों में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाएं। यह पहल ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
गौरेला पेंड्रा मरवाही में 186 पदों पर भर्ती
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, गौरेला पेंड्रा मरवाही द्वारा आगामी 19 जून शुक्रवार को रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र संयुक्त कार्यालय भवन टीकरकला गौरेला के कार्यालय परिसर में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी। मेले में टैक्नीशियन (स्मार्ट मीटर) के 140, फील्ड ऑफिसर के 20, मशीन ऑपरेटर के 15, कलेक्शन ऑफिसर के 5, रिसेप्शनिस्ट एवं सेल्स मेन दो-दो और मैनेजर एवं क्लिनिंग स्टाफ के एक-एक पद पर भर्ती की कार्रवाई की जाएगी।
रोजगार प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थी 10वीं, 12वीं, आईटी आई, डीसीए, पीजीडीसीए, कोपा, स्नातक आदि उत्तीर्ण हो। साथ ही अपने समस्त शैक्षणिक योग्यता संबंधी प्रमाण-पत्रों की फोटोकॉपी लेकर रोजगार मेले में शामिल हो सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र के तीरथराम मरकार मो. 9754094200 एवं सुरेश बेहरा मो. 7389504991 से संपर्क कर सकते हैं।



