वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने महक नरवासे को वर्चुअल कॉल पर दी बधाई….

रायपुर: छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटर महक नरवासे को भारतीय महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम के श्रीलंका दौरे के लिए घोषित टी-20 एवं वनडे दोनों टीमों का उपकप्तान बनाए जाने पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने वर्चुअल कॉल के माध्यम से बातचीत कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
वर्चुअल संवाद के दौरान वित्त मंत्री श्री चौधरी ने महक की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि महक ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान बनाई है।
श्री चौधरी ने कहा कि महक की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति प्रतिबद्धता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
वित्त मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां आज खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर राज्य का गौरव बढ़ा रही हैं। महक नरवासे की यह उपलब्धि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं के लिए एक नई प्रेरणा बनेगी।
श्री ओपी चौधरी ने महक नरवासे को उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे श्रीलंका दौरे में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारतीय टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान देंगी तथा देश और छत्तीसगढ़ का नाम और अधिक रोशन करेंगी।



