धमतरीनगरी

दुगली के दीपेश कुमार नेताम राष्ट्रीय स्क्वैश चैंपियनशिप में करेंगे छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व…!

धमतरी…शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दुगली के प्रतिभाशाली स्क्वैश खिलाड़ी दीपेश कुमार नेताम का चयन प्रतिष्ठित ईस्टर्न स्लैम 2026 राष्ट्रीय स्क्वैश चैंपियनशिप के लिए हुआ है। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में वे छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन 22 से 27 जून 2026 तक रायपुर में किया जा रहा है, जिसमें देशभर के उत्कृष्ट खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

दीपेश ने अपनी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल कौशल के बल पर लगातार उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने 25वीं राज्य स्तरीय शालेय स्क्वैश प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अलावा वे नई दिल्ली में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय शालेय खेल प्रतियोगिता में भी छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

दीपेश के चयन की खबर से विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। विद्यालय के प्राचार्य श्री ललित कुमार सोम एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा—

“यह उपलब्धि केवल विद्यालय ही नहीं, बल्कि पूरे नगरी विकासखण्ड, धमतरी जिले एवं छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गौरव का विषय है। हमें विश्वास है कि दीपेश राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।”»

इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग धमतरी जिला खेल अधिकारी श्री पीयूष तिवारी एवं श्री जे. पी. देव सहा. खेल अधिकारी ने खिलाड़ियों को धमतरी कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में खेल विभाग द्वारा प्रदत्त स्क्वैश रैकेट एवं अन्य अभ्यास सामग्री वितरित की तथा दीपेश कुमार नेताम को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन एवं समर्पण के साथ खेल क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय परिवार ने दीपेश कुमार नेताम के उज्ज्वल भविष्य एवं ईस्टर्न स्लैम 2026 में शानदार प्रदर्शन की कामना करते हुए उन्हें सफलता के लिए शुभाशीष प्रदान किया।

“दुगली से राष्ट्रीय मंच तक — दीपेश की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button