छत्तीसगढ़

CG – ब्लड बैंक उपसमिति की प्रथम बैठक संपन्न, रक्तदान को जनआंदोलन बनाने का लिया संकल्प…

ब्लड बैंक उपसमिति की प्रथम बैठक संपन्न, रक्तदान को जनआंदोलन बनाने का लिया संकल्प

जगदलपुर, बस्तर। जिला बस्तर के कलेक्टर एवं भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष श्री आकाश छीकारा के मार्गदर्शन में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी की ब्लड बैंक उपसमिति का विस्तार किया जा रहा है। उनके दिशा-निर्देशानुसार रक्तदान को जनजागरूकता एवं जनभागीदारी के अभियान के रूप में संचालित करते हुए बस्तर जिले के प्रत्येक ब्लॉक एवं ग्राम स्तर तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उपसमिति द्वारा नियमित रक्तदान शिविर, जागरूकता कार्यक्रम एवं स्वयंसेवकों के माध्यम से रक्तदाताओं का व्यापक नेटवर्क तैयार किया जाएगा, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

इसी क्रम में जिला ब्लड बैंक उपसमिति के गठन के पश्चात उपसमिति की प्रथम बैठक संपन्न हुई। बैठक के प्रारंभ में सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं एवं बधाई दी तथा पूरे समर्पण और निष्ठा के साथ समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में रक्तदान को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा जिले में रक्त, प्लाज्मा एवं प्लेटलेट्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला अस्पताल में प्लाज्मा एवं प्लेटलेट्स की सुविधा उपलब्ध हो, इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा तथा संबंधित विभागों एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इस दिशा में सार्थक प्रयास किए जाएंगे। साथ ही प्रत्येक माह के प्रथम रविवार को ब्लड बैंक उपसमिति की नियमित मासिक बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

समिति ने प्रत्येक ब्लॉक में युवाओं को जोड़कर संगठन का विस्तार करने तथा रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया। इसी क्रम में आगामी 21 जुलाई को विशेष महिला रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया जिसकी प्रभारी मोनू सिंह को बनाया गया। वहीं 10 जुलाई से नियानार ग्राम से रक्तदान जागरूकता अभियान प्रारंभ किया जाएगा, जिसके प्रभारी श्री भवानी सतपथी जी होंगे।

बैठक में ब्लड बैंक उपसमिति के सुचारू संचालन एवं संगठन विस्तार के लिए विभिन्न ब्लॉकों के प्रभारी भी नियुक्त किए गए। इसके अंतर्गत लोहाण्डीगुड़ा ब्लॉक की जिम्मेदारी अविनाश सिंह गौतम, बस्तर ब्लॉक की जिम्मेदारी धारिणी तिवारी दीदी एवं विनोद पांडे जी, बकावंड ब्लॉक की जिम्मेदारी भवानी सतपथी , तोकापाल ब्लॉक की जिम्मेदारी संतोष भदौरिया , बास्तानार ब्लॉक की जिम्मेदारी आशीष कच्छ तथा दरभा ब्लॉक की जिम्मेदारी आकाश मिश्रा जी को सौंपी गई। वहीं महिला जागरूकता एवं महिला रक्तदान अभियान के लिए मोनू सिंह एवं जुबेदा बेगम को विशेष दायित्व प्रदान किया गया।

बैठक में अविनाश सिंह गौतम, नवीन बोथरा , बृजेश शर्मा , संतोष भदौरिया , विनोद पांडे , भवानी सतपथी , मोनू सिंह दीदी, आशीष कच्छ एवं धीरज कश्यप उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि रक्त की कमी के कारण किसी भी जरूरतमंद की जान न जाए, इसके लिए जिलेभर में जागरूकता, रक्तदान शिविरों एवं जनसहभागिता के माध्यम से रक्तदान अभियान को निरंतर गति दी जाएगी।

“रक्तदान महादान है। आइए, रक्तदान कर किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का संकल्प लें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button