CG – 2 छात्रों की आत्महत्या : स्कूल परिसर में एक का फांसी के फंदे पर लटका मिला शव, सुसाइड नोट में लिखा-मुझसे नफरत के लिए बहुत बहुत धन्यवाद……

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से आत्महत्या के मामले सामने आए है। जहां दो छात्रों ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों छात्र भिलाई के रहने वाले थे। एक छात्र प्रतियोगी परिक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वहीं, दूसरा छात्र पढ़ाई कर रहा था।
पहला मामला
मृतक छात्र की पहचान दीपांशु वर्मा के रूप में की गई है। दीपांशु के पिता भिलाई स्टील प्लांट में कर्मचारी है। बताया जा रहा है कि दीपांशु वर्मा बीएससी की पढ़ाई पूरी करने के बाद से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। युवक का शव भिलाई के बंद पड़े बीएसपी स्कूल परिसर में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है।
नोट में लिखा…
”मुझसे इतनी नफरत के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। मेरे शरीर को दफनाया नहीं जाना चाहिए, इसका अंतिम संस्कार किया जाना चाहिए।”
हालांकि नोट में उसने किसी का नाम नहीं लिखा है।
पुलिस सुसाइड नोट के आधार पर मामले में आगे की जांच कार्रवाई कर रही है। वहीं, परिजनों ने पूछताछ में बताया कि उनका बेटा घटना से पहले सुबह जब निकला था, तब उसने अपनी मां से 100 रूपए मांगे थे। मां नींद में होने के कारण उसकी बातों पर ध्यान नहीं दे पाई थी। दीपांशु जब देर रात तक घर नहीं लौटा तो इसकी शिकायत थाने में की गई थी। छात्र की खोजबीन के दौरान उसका शव बंद स्कूल में मिला। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
दूसरे मामले में छात्रावास के छात्र ने लगाई फांसी
भिलाई के सेक्टर-7 स्थित महाराणा प्रताप भवन छात्रावास में रहने वाले 19 वर्षीय निखिल पौसार्य पिता प्रहलाद पौसार्य ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
छात्र कबीरधाम जिले के पंडरिया का रहने वाला था। भिलाई में रहकर साईं महाविद्यालय में बीएससी बायो की पढ़ाई कर रहा था। पिछले एक साल से महाराणा प्रताप भवन छात्रावास में रहा रहा था। मृतक छात्र कमरे में अकेले ही रहता था।
बताया जा रहा है कि रविवार की सुबह काफी देर तक जब निखिल बाहर नहीं आया तो दोस्तों ने छात्रावास के कर्मचारियों को इसकी सूचना दी। दरवाजे को तोड़कर अंदर देखने पर छात्र का शव फंदे से लटक रहा था। फिलहाल छात्र ने ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।



