बोल बम के जयकारों के बीच शिवभक्ति और सेवा का अद्भुत संगम, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर अमरकंटक के मृत्यंजय आश्रम में कांवड़ यात्रियों के लिए निःशुल्क भोजन-विश्राम की व्यवस्था, अब तक 1500 से अधिक श्रद्धालु ले चुके हैं सेवा का लाभ।

कवर्धा/श्रावण मास में अमरकंटक से भोरमदेव धाम तक निकल रही कांवड़ यात्रा में शिवभक्ति का अनुपम उत्साह देखने को मिल रहा है। बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। हजारों श्रद्धालु पवित्र जल लेकर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए कठिन पदयात्रा कर रहे हैं।
कांवड़ यात्रियों की सुविधा और सेवा को ध्यान में रखते हुए उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा की पहल पर अमरकंटक स्थित मृत्यंजय आश्रम में निःशुल्क भोजन प्रसादी, विश्राम एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। यहां पहुंचने वाले शिवभक्तों का आत्मीय स्वागत किया जा रहा है, जिससे उनकी यात्रा अधिक सुगम और सुविधाजनक बन रही है।
जानकारी के अनुसार कबीरधाम जिले की 9 बोलबम समितियों सहित अब तक लगभग 1500 श्रद्धालु मृत्यंजय आश्रम में निःशुल्क भोजन प्रसादी ग्रहण कर चुके हैं। यात्रियों के लिए विश्राम की समुचित व्यवस्था भी की गई है,जिससे लंबी पदयात्रा के दौरान उन्हें राहत मिल रही है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की ओर से कांवड़ यात्रा में शामिल समितियों को स्मृति-चिन्ह भी भेंट किए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भोजन,विश्राम और सम्मान की यह व्यवस्था उन्हें अपनत्व का एहसास कराती है तथा यात्रा को और अधिक सहज बनाती है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि श्रावण मास में शिवभक्तों की सेवा ही सच्ची शिव आराधना है। अमरकंटक से भोरमदेव धाम तक की पवित्र यात्रा में की जा रही यह सेवा श्रद्धा, समर्पण और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है। बोल बम के जयघोष के बीच सेवा और शिवभक्ति का यह संगम श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण और प्रेरणा का केंद्र बना हुआ है।



