अन्य ख़बरें

CG में एसिड अटैक से सनसनी:छात्रा पर एसिड अटैक से भड़का बालोद, कोर्ट के बाहर आरोपियों पर फूटा गुस्सा

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद में 22 वर्षीय छात्रा पर हुए एसिड अटैक मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी यश सोनकर और उसके दोस्त करण कुंजाम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, छात्रा और मुख्य आरोपी पहले एक ही कोचिंग में पढ़ चुके थे और करीब डेढ़ साल से दोनों के बीच प्रेम संबंध था।

आरोप है कि छात्रा से शादी की इच्छा रखने वाले यश को उसके दूसरे युवकों से बात करने का शक था। इसी नाराजगी में उसने अपने बचपन के दोस्त करण से छात्रा पर एसिड हमला करवाने की साजिश रची।

लाइब्रेरी से लौटते वक्त हमला…

छात्रा आमापारा की लाइब्रेरी से पढ़ाई कर घर लौट रही थी। इसी दौरान आमापारा आत्मानंद स्कूल के सामने सिंचाई कॉलोनी में आरोपी ने उस पर एसिड फेंक दिया। तेज जलन से छात्रा चीखने लगी, जिसके बाद आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, उसके चेहरे, आंख के आसपास और शरीर के दाहिने हिस्से में गंभीर झुलसने के निशान हैं।

कोर्ट में पेशी के दौरान हंगामा…

मंगलवार शाम आरोपियों को बालोद कोर्ट में पेश करने ले जाया गया, जहां आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने पुलिस वाहन रोककर जमकर विरोध किया। भीड़ ने आरोपियों पर रंग फेंका और उन्हें जूतों की माला पहनाने की कोशिश की। कुछ प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों से मारपीट का भी प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई, जिसमें कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की जानकारी है।

करीब डेढ़ घंटे तक कोर्ट परिसर के बाहर प्रदर्शन चला। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस को आरोपियों को कोर्ट के पीछे के रास्ते से दूसरे वाहन में जेल ले जाना पड़ा। वहीं स्थानीय अधिवक्ताओं ने आरोपियों का केस नहीं लड़ने की बात कही है।

दुर्ग से खरीदा था सल्फ्यूरिक एसिड…

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी ने 26 सितंबर को दुर्ग से लैब में इस्तेमाल होने वाला करीब 500 एमएल सल्फ्यूरिक एसिड खरीदा था। 27 सितंबर को गणेश विसर्जन की झांकी के दौरान हमला करने की योजना थी, लेकिन उस दौरान आरोपी खुद झुलस गया और योजना टल गई। इसके बाद 5 अक्टूबर को छात्रा पर हमला किया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल एसिड का बचा हुआ हिस्सा भी जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी बालोद के नेवारीखुर्द का रहने वाला है और उसके पिता पुलिस विभाग में पदस्थ हैं। उसने अपने बचपन के दोस्त करण को भैरमगढ़ से बालोद बुलाया था। पुलिस का दावा है कि हमले से पहले करण ने अपनी महिला मित्र से कथित तौर पर शादी भी की थी।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। पीड़िता MA की पढ़ाई पूरी कर चुकी है और फिलहाल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी।

Related Articles

Back to top button