CG – PMGSY सड़क स्वीकृत पर निर्माण शुरू नहीं – जनपद सदस्य ज्वाला बंजारे ने दिया 15 दिन का अल्टीमेटम, बोले – चक्का जाम को होंगे बाध्य पढ़े पूरी ख़बर
मस्तूरी//जनपद पंचायत मस्तूरी क्षेत्र क्रमांक 17 के जनपद सदस्य ज्वाला प्रसाद बंजारे ने क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण में हो रही लापरवाही को लेकर मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी (SDM) मस्तूरी को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत स्वीकृत सड़कों का काम 15 दिन के भीतर शुरू न होने पर ग्रामीणों के साथ लोकतांत्रिक तरीके से चक्का जाम और विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
जनपद सदस्य ने अपने पत्र क्रमांक JP/098/14 दिनांक 07/10/2026 में बताया है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत (1) चकरबेड़ा से कुटेला एवं (2) बूढ़ीखार से जैतपुर तक सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। लेकिन स्वीकृति के कई माह बीत जाने के बाद भी संबंधित विभाग द्वारा आज तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है।
पत्र में उल्लेख है कि सड़क स्वीकृत होने के बाद भी कार्य शुरू न होने से क्षेत्र के ग्रामीणों और आम नागरिकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में तो स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, कीचड़ और गड्ढों के कारण ग्रामीणों का निकलना दूभर हो गया है।
ज्वाला प्रसाद बंजारे ने SDM से मांग की है कि उक्त स्वीकृत सड़क निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जांच कराते हुए शीघ्र कार्य प्रारंभ कराया जाए और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराने हेतु संबंधित विभागीय अधिकारी एवं ठेकेदार को आवश्यक निर्देश प्रदान किए जाएं, ताकि क्षेत्रवासियों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
अंत में उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इस पत्र की दिनांक से 15 दिवस के भीतर दोनों स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किए जाते हैं, तो क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण ढंग से चक्का जाम कर विरोध-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।


