छत्तीसगढ़

दामापुर में नवीन लिंक कोर्ट की स्थापना को मिली स्वीकृति, विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से ग्रामीणों को मिलेगी घर के करीब राजस्व सेवाओं की सुविधा।

कवर्धा।पंडरिया/पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों को प्रशासनिक एवं राजस्व सेवाएं उनके घर के नजदीक उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल हुई है। विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से ग्राम पंचायत दामापुर में लिंक कोर्ट (नवीन उप तहसील) की स्थापना को स्वीकृति मिल गई है।लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा की जा रही इस मांग के पूरा होने से दामापुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

इसके पूर्व विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से नगर पंचायत पांडातराई एवं ग्राम पंचायत रणवीरपुर में भी नवीन उप तहसील की स्थापना हो चुकी है। इन कार्यालयों के माध्यम से हजारों किसानों एवं ग्रामीण परिवारों को अपने क्षेत्र के नजदीक ही राजस्व एवं प्रशासनिक सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

दामापुर में लिंक कोर्ट की स्वीकृति मिलने पर विधायक भावना बोहरा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई दी।उन्होंने कहा कि लिंक कोर्ट की स्थापना से प्रशासनिक व्यवस्था ग्रामीणों के और करीब पहुंचेगी तथा लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता कम होगी।

नवीन लिंक कोर्ट के माध्यम से ग्रामीणों को खसरा-खतौनी एवं नक्शा,नामांतरण,भूमि बंटवारा, जमाबंदी,लगान,राजस्व वसूली, ऋण मुक्ति प्रमाण पत्र सहित विभिन्न राजस्व संबंधी कार्यों के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे लोगों के समय,धन और श्रम की बचत होगी तथा राजस्व प्रकरणों के निराकरण में भी तेजी आएगी।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि इसका सबसे अधिक लाभ किसानों,महिलाओं, बुजुर्गों और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को मिलेगा। स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक शिकायतों एवं अन्य आवश्यक कार्यों के निराकरण की सुविधा मिलने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि दामापुर में लिंक कोर्ट की स्थापना सुशासन और जनसुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह व्यवस्था सरकार और जनता के बीच एक सेतु के रूप में काम करेगी और प्रशासन को आम नागरिकों के और करीब लाने में सहायक होगी।

विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जनसुविधाओं और सुशासन को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में पहले पांडातराई एवं रणवीरपुर और अब दामापुर में लिंक कोर्ट की स्थापना इसी दिशा में उठाया गया कदम है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक गतिविधियां बढ़ने से क्षेत्र में रोजगार और छोटे व्यवसायों को भी अप्रत्यक्ष रूप से प्रोत्साहन मिलेगा। विधायक भावना बोहरा ने दामापुर एवं आसपास के समस्त क्षेत्रवासियों को इस नई सौगात के लिए बधाई दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button