छत्तीसगढ़

CG – पोस्ट ऑफिस में पदस्थ सहायक डाकपाल गिरफ्तार, इस बड़े कांड को दिया अंजाम…..

जांजगीर-चांपा। अकलतरा पुलिस ने पोस्ट ऑफिस में पदस्थ सहायक डाकपाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर खाताधारकों के खातों से फर्जी तरीके से रकम निकालकर 19 लाख 21 हजार रुपए के गबन और धोखाधड़ी का आरोप है। आरोपी की पहचान बलौदा निवासी संदीप कुमार मिरी (32 वर्ष) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, अकलतरा डाकघर में वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत मिलने के बाद गठित संयुक्त जांच टीम ने मामले की जांच की। जांच में सामने आया कि सहायक डाकपाल संदीप कुमार मिरी (32 वर्ष), निवासी बलौदा, ने चार अलग-अलग खाताधारकों के खातों से कुल 19 लाख 21 हजार रुपए निकालकर गबन किया। इसके बाद पीड़ित खाताधारकों की शिकायत पर थाना अकलतरा में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी लंबे समय से शेयर मार्केट में ट्रेडिंग कर रहा था और लगातार नुकसान होने के कारण भारी कर्ज में डूब गया था। आरोपी पर करीब 20 लाख रुपए से अधिक का कर्ज बताया जा रहा है। उसने अलग-अलग बैंकों और पोस्ट ऑफिस विभाग से भी लाखों रुपए का लोन लिया था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2021 से वह शेयर मार्केट में पैसा लगा रहा था। नुकसान बढ़ने के बाद उसने फर्जी खाते खोलकर ग्राहकों के खातों से रकम निकालना शुरू किया। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन, शेयर मार्केट एप्लीकेशन ग्रो और एंजल वन के डिमैट अकाउंट स्टेटमेंट जब्त किए हैं। जांच में लगभग 40 लाख रुपए शेयर मार्केट में गंवाने और लोन की रकम चुकाने के लिए गबन किए गए पैसों के उपयोग की पुष्टि हुई है।

थाना अकलतरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button