CG Weather Update : छत्तीसगढ़ में मौसम का डबल अटैक, भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच बरसेंगे बदरा, इन इलाकों में हो सकती है बारिश, जानें कहां कैसा रहेगा मौसम…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में हीटवेव का कहर जारी है। नौतपा के दूसरे दिन 8 जिलों में पारा 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। एक बार फिर राजनांदगांव सबसे ज्यादा तपा। राजधानी रायपुर में 44.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अलगे तीन दिनों तक राहत के आसार नहीं, इसके बाद 3 डिग्री तक तापमान में कमी आ सकता है।
प्रदेश में मंगलवार को सबसे गर्म तापमान राजनांदगांव 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बिलासपुर में 44.5 डिग्री सेल्सियस, दुर्ग में 44.7 डिग्री सेल्सियस, अंबिकापुर में 42.4 डिग्री सल्सियस, जगदलपुर में 42 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रारोड में 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 27.6 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार अगले तीन दिन तक प्रदेश के काफी जिलों में 44-45 डिग्री सेल्सियस तापमान रहेगा। उसके अगले दो दिन जरूर 2 से 4 डिग्री तक पारा कम होने की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान को लेकर किसी तरह का कोई बदलाव नहीं हुआ है। छत्तीसगढ़ के कई जिलों में ग्रीष्म लहर चल रही है। 29 मई से पूरे प्रदेश में मेघगर्जन के साथ तेज हवा, वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही अगले दो दिनों में प्रदेश के एक-दो स्थानों में गरज चमक के साथ वज्रपात होने व तेज हवा (40-50 केएमपीएच) की गति से चलने की संभावना है।
हलाकान करने वाली गर्मी के बीच प्रदेश के दक्षिणी इलाकों में मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर और कोंडागांव में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली, अचानक तेज हवा (30-40 KMPH) और वर्षा की संभावना जताई है।



