भखारा का आमा तालाब बनेगा रामसर साइट, विशेषज्ञों की टीम ने किया निरीक्षण; संरक्षण और पर्यटन विकास की बढ़ी उम्मीद

विधायक अजय चंद्राकर और कलेक्टर की पहल से आर्द्रभूमि संरक्षण की दिशा में बढ़ा कदम, प्रवासी पक्षियों के संरक्षण और पर्यटन विकास की जगी उम्मीद
धमतरी। धमतरी जिले के भखारा स्थित आमा तालाब को रामसर साइट के रूप में विकसित एवं नामांकित करने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। विधायक अजय चंद्राकर और कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा की पहल पर भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण (बीएसआई), प्रयागराज तथा छत्तीसगढ़ वेटलैंड प्राधिकरण के विशेषज्ञों की टीम ने आमा तालाब का निरीक्षण किया। इस दौरान विशेषज्ञों ने तालाब की पर्यावरणीय, जैविक और पारिस्थितिक संभावनाओं का विस्तृत आकलन किया।
विशेषज्ञों ने परखी तालाब की जैव विविधता
निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने आमा तालाब की प्राकृतिक संरचना, जैव विविधता, जलीय पारिस्थितिकी, प्रवासी पक्षियों के आगमन और उनके लिए अनुकूल पर्यावास की संभावनाओं का बारीकी से अध्ययन किया। निरीक्षण के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद संरक्षण एवं विकास से संबंधित प्रस्ताव राज्य सरकार के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
आमा तालाब को रामसर साइट के रूप में विकसित करने की पहल का उद्देश्य इसे केवल जलस्रोत तक सीमित न रखकर जैव विविधता संरक्षण और प्रवासी पक्षियों के महत्वपूर्ण आश्रय स्थल के रूप में विकसित करना है। यदि यह प्रयास सफल होता है तो आमा तालाब को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के साथ ही क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन विकास की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

रामसर साइट बनने से बढ़ेगी क्षेत्र की पहचान
आर्द्रभूमियां पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। आमा तालाब को रामसर साइट के रूप में विकसित करने की पहल से स्थानीय स्तर पर जलस्रोत के संरक्षण के साथ पक्षियों और अन्य जलीय जीवों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में भी काम किया जा सकेगा।
इस पहल से क्षेत्र में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ने और भविष्य में इको-टूरिज्म की संभावनाओं को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
रामसर संरक्षण में छत्तीसगढ़ की बढ़ती पहचान
छत्तीसगढ़ का कोपरा जलाशय प्रदेश का पहला रामसर स्थल घोषित हो चुका है। आर्द्रभूमियों के संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए प्रदेश में 500 से अधिक वेटलैंड मित्र तैयार किए गए हैं।
वहीं, 2.25 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल वाले 11,098 वेटलैंड का ग्राउंड ट्रुथिंग एवं सीमा निर्धारण किया गया है। इस कार्य के माध्यम से छत्तीसगढ़ ने देश में अग्रणी स्थान हासिल किया है।
जैव विविधता और वेटलैंड संरक्षण को लेकर विधायकों के लिए नवा रायपुर स्थित वन मुख्यालय में कार्यशाला भी आयोजित की जा चुकी है। प्रदेश सरकार ने छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश की 20 आर्द्रभूमियों को रामसर स्थल के रूप में नामांकित कराने का लक्ष्य रखा है।
कोपरा जलाशय के बाद छिंदारी, पैलीमेटा और नीमगांव जलाशय सहित अन्य संभावित स्थलों को भी इस दिशा में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण से मिलेगी नई पहचान
विधायक प्रतिनिधि हरख जैन ने कहा कि आमा तालाब का संरक्षण और इसे रामसर साइट के रूप में विकसित करने की पहल क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। विधायक अजय चंद्राकर के मार्गदर्शन में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इससे आने वाली पीढ़ियों को समृद्ध जैव विविधता और बेहतर पर्यावरण का लाभ मिलेगा।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरिकृष्ण पवारिया ने कहा कि आमा तालाब की प्राकृतिक एवं पर्यावरणीय महत्ता को देखते हुए इसका संरक्षण जरूरी है। विशेषज्ञों का निरीक्षण इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नगर पंचायत की ओर से तालाब की स्वच्छता, संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल विकास के लिए आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।

विशेषज्ञों की टीम ने किया निरीक्षण
निरीक्षण दल में भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण, प्रयागराज की डॉ. विनय रंजन के नेतृत्व में बी. लक्ष्मणुडु तथा छत्तीसगढ़ वेटलैंड प्राधिकरण की श्रीमती अनीता हरमुख सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
आमा तालाब को रामसर साइट के रूप में विकसित करने की यह पहल धमतरी जिले में आर्द्रभूमि संरक्षण को नई दिशा देने के साथ ही पर्यावरण और पर्यटन विकास की संभावनाओं को भी मजबूत कर सकती है। अब विशेषज्ञों की रिपोर्ट और आगामी प्रस्ताव की प्रक्रिया पर सभी की नजरें रहेंगी।
