दीपावली से पहले धमतरी पुलिस का बड़ा एक्शन,नगरी-मगरलोड में 1.46 लाख के अवैध पटाखे जब्त, शराब बेचते आरोपी भी गिरफ्तार..!

दीपावली से पहले अवैध कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, विस्फोटक अधिनियम और आबकारी एक्ट के तहत तीन आरोपियों पर कार्रवाई
धमतरी। दीपावली पर्व के मद्देनजर धमतरी पुलिस ने जिले में अवैध पटाखों के भंडारण एवं बिक्री और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले के नगरी, मगरलोड और बिरेझर क्षेत्र में पुलिस टीमों ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान करीब 1.46 लाख रुपये मूल्य के अवैध पटाखे तथा अवैध शराब और बिक्री की रकम जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार त्योहारी सीजन में आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना नगरी, थाना मगरलोड एवं चौकी बिरेझर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी।
नगरी में 1.30 लाख रुपये के अवैध पटाखे जब्त
थाना नगरी पुलिस को ग्राम फरसिया में घर स्थित दुकान में बिना वैध लाइसेंस पटाखों का भंडारण एवं विक्रय किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर निरीक्षक उमेश पाटिल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस ने आरोपी उदित नारायण सिन्हा, निवासी फरसिया के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के करीब 1,30,000 रुपये मूल्य के पटाखे जब्त किए। मामले में अपराध क्रमांक 82/2026 दर्ज कर धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम, 1884 के तहत कार्रवाई करते हुए विवेचना शुरू की गई है।
मगरलोड में 16,500 रुपये के पटाखे बरामद
इसी तरह थाना मगरलोड पुलिस ने भरदा मार्ग स्थित बेकरी भंडार एवं किराना स्टोर्स में दबिश दी। यहां पुलिस ने आरोपी भानूप्रताप साहू, निवासी वार्ड क्रमांक 03, मगरलोड के कब्जे से एक कार्टून में रखे विभिन्न कंपनियों के पटाखे बरामद किए।
बरामद पटाखों की कीमत करीब 16,500 रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 221/2026 दर्ज कर धारा 9(ख) विस्फोटक अधिनियम, 1884 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
बिरेझर में अवैध शराब बेचते युवक गिरफ्तार
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चौकी बिरेझर पुलिस ने ग्राम कंचना नाला पुल के पास घेराबंदी कर एक युवक को अवैध रूप से देशी शराब बेचते हुए पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रेम कुमार चतुर्वेदी, निवासी कंचना के कब्जे से 11 पौवा देशी शराब, जिसकी कीमत 1,100 रुपये है, तथा बिक्री की रकम 150 रुपये बरामद की गई। कुल 1,250 रुपये की संपत्ति जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 375/2026 में धारा 34(1)(ख) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
दीपावली को लेकर पुलिस की सख्त निगरानी
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन के दौरान बिना वैध लाइसेंस पटाखों का भंडारण एवं विक्रय करने वालों तथा अवैध शराब कारोबार में संलिप्त लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य दीपावली के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बिना वैध लाइसेंस पटाखों एवं अन्य विस्फोटक सामग्री का भंडारण या क्रय-विक्रय न करें। साथ ही अवैध शराब अथवा किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को सूचना दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी
धमतरी पुलिस ने कहा है कि त्योहारी सीजन में आमजन की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।