छत्तीसगढ़

CG – पेपर लीक मामले में बड़ा एक्शन : प्रोफेसर समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, इस कॉलेज से लीक हुआ पेपर…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष के प्रश्नपत्र लीक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान पेपर लीक में दुर्ग के एक निजी कॉलेज का कनेक्शन सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कॉलेज के एक प्रोफेसर समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर पेपर लीक से जुड़े पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

दुर्ग के निजी कॉलेज से लीक हुआ था पेपर

जानकारी के मुताबिक़, पेपर व्हाट्सअप के जरिये लीक हुआ था। जिसे दुर्ग के निजी कॉलेज से लीक किया गया था। तकनीकी जांच, मोबाइल और वॉट्सऐप चैट के आधार पर पुलिस ने रायपुर, दुर्ग, कवर्धा, राजनांदगांव और बिलासपुर सहित कुल पांच जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। तमाम सबूतों के आधार पर दुर्ग के एक निजी कॉलेज का कनेक्शन सामने आया।

प्रोफेसर समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया

पूछताछ में पता चला पेपर दुर्ग के कॉलेज से निकला और फिर वॉट्सऐप ग्रुप के जरिये सभी स्टूडेंट तक पंहुच गया। फ़िलहाल पुलिस ने मामले में प्रोफेसर समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। अब तक 16 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। पुलिस ने और भी बड़े खुलासे होने की सम्भावना जताई है।

परीक्षा से एक घंटे पहले प्रश्न पत्र लीक हुआ था लीक

गुरूवार 20 अगस्त की सुबह 10 बजे इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष की एंटोमोलाॅजी परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा से एक घंटे पहले ही सुबह 9 बजे परीक्षा का प्रश्न पत्र लीक हो गया। छात्रों के व्हाॅटसऐप ग्रुपों में यह प्रश्न पत्र जमकर वायरल हुआ था।

डीन के कार्यालय को सुबह नौ बजे ईमेल के माध्यम से प्रश्नपत्र लीक होने की शिकायत मिली थी। प्रश्नपत्र की जांच करने पर लगभग 70 प्रतिशत प्रश्न मिलते-जुलते पाए गए। इसे लेकर छात्रों द्वारा जमकर प्रदर्शन किया गया और पेपर को रद्द करने की मांग की गई थी। छात्रों के प्रदर्शन व बढ़ते बवाल को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल परीक्षा को रद्द कर दिया। साथ ही चार सदस्यीय समिति का गठन कर जांच के आदेश दिए गए थे।

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) के पेपर लीक मामले को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गंभीरता से लिया है और उन्होंने मामले की निष्पक्ष और सख्त जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button