बिग ब्रेकिंग |कवर्धा डकैती कांड का 48 घंटे में खुलासा,11.9 किलो चांदी के जेवरात बरामद,तीन आरोपी गिरफ्तार, 100 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले,24 गांवों में 500 से अधिक लोगों से पूछताछ; दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी।

कवर्धा/कबीरधाम पुलिस ने तरेगांव जंगल क्षेत्र में सराफा व्यापारी के साथ हुई डकैती की घटना का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात,एक बजाज पल्सर NS मोटरसाइकिल और1500 रुपये नगद बरामद किए हैं। वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
27 अक्टूबर 2026 को सराफा व्यापारी वेदप्रकाश सोनी के साथ मछरीरेवार मंदिर घाटी के पास डकैती की वारदात हुई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और आसपास के 24 गांवों में 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और स्थानीय आसूचना तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
पुलिस ने निखिल कुर्रे,संजय भास्कर और सचिन पात्रे को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने पहले व्यापारी की गतिविधियों पर नजर रखी और सुनियोजित तरीके से रास्ता रोककर मारपीट करते हुए चांदी के जेवरात लूट लिए थे। वारदात के बाद जेवरात आपस में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिए गए थे।
तीनों आरोपियों की निशानदेही पर करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि शेष दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
कवर्धा पुलिस की मेहनत,तत्परता और बेहतर रणनीति का नतीजा है कि इतनी गंभीर डकैती की वारदात का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। 100 से अधिक CCTV फुटेज की जांच और 24 गांवों में व्यापक पूछताछ के जरिए पुलिस ने मामले की कड़ियों को जोड़ते हुए बड़ी सफलता हासिल की।



