छत्तीसगढ़

CG ब्रेकिंग : कार्बन फैक्ट्री में बड़ा धमाका, भीषण आग और तेज धमाके से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल……

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जहां इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक कोल पिच कार्बन फैक्ट्री में बॉयलर में हुए जोरदार विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। धमाका इतना तेज था कि कुछ ही क्षणों में फैक्ट्री के बड़े हिस्से में आग फैल गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के समय फैक्ट्री के अंदर काम कर रहे मजदूरों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।

विस्फोट के बाद फैक्ट्री से उठती आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का घना गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री परिसर में खड़े एक ट्रक को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आग और तेजी से फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, सीएसईबी और अन्य विभागों की दमकल टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। कई दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास लगातार जारी है। आग की तीव्रता को देखते हुए राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि हादसे में किसी भी मजदूर के हताहत होने की सूचना नहीं है। फैक्ट्री में मौजूद सभी कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए हैं। प्रशासन की पहली प्राथमिकता आग पर जल्द से जल्द काबू पाना और किसी बड़े नुकसान को रोकना है।

सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने फैक्ट्री के आसपास के पूरे इलाके को सील कर दिया है। आम लोगों की आवाजाही रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। दमकल और राहत दलों के वाहनों की आवाजाही सुचारु रहे, इसके लिए मार्ग भी खाली कराया गया है।

फैक्ट्री में आग लगने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के बाहर पहुंच गए। दूर-दूर से लोग आग की लपटें और धुएं का गुबार देखने के लिए एकत्र होने लगे। पुलिस लगातार लोगों को सुरक्षा घेरे से दूर रहने की अपील कर रही है।

Related Articles

Back to top button