धमतरी में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, चार थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 4 आरोपी गिरफ्तार..!

सिहावा, नगरी, भखारा और मगरलोड में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई; महुआ व देशी शराब के साथ बिक्री रकम जब्त, आबकारी एक्ट के तहत केस दर्ज
धमतरी। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए धमतरी पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाए जा रहे अभियान के तहत सिहावा, नगरी, भखारा और मगरलोड पुलिस ने चार अलग-अलग मामलों में अवैध रूप से शराब बेचते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से महुआ शराब और देशी शराब के साथ बिक्री की रकम बरामद की गई। सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
सिहावा में 4.5 लीटर महुआ शराब जब्त
सिहावा थाना क्षेत्र के ग्राम कोडमुड़ पारा में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रूकमणी बाई पति केमन ध्रुव के कब्जे से 4.5 लीटर महुआ शराब और बिक्री रकम 450 रुपये बरामद की। मामले में अपराध क्रमांक 87/26, धारा 34(ए) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
नगरी में युवक के कब्जे से 3 लीटर महुआ शराब बरामद
थाना नगरी पुलिस ने चमेदा कर्राघाटी तिराहा के पास कार्रवाई करते हुए डूमरडीह निवासी हितेन्द्र कुर्रे (20 वर्ष) को पकड़ा। उसके कब्जे से 3 लीटर महुआ शराब और 120 रुपये बिक्री रकम बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 83/26, धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
भखारा में 15 पौवा देशी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
थाना भखारा पुलिस ने आईटीआई के पीछे स्कूल के पास दबिश देकर सुपेला निवासी बालचंद प्रधान (60 वर्ष) को अवैध शराब के साथ पकड़ा। पुलिस ने उसके कब्जे से 15 पौवा देशी शराब और 300 रुपये बिक्री रकम जब्त की। मामले में अपराध क्रमांक 132/26, धारा 34(1)(ख) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
मगरलोड में भी पुलिस की कार्रवाई
मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम बेलौरा टिकरापारा में पुलिस ने दाऊराम साहू (26 वर्ष) के घर के बरामदे से 4.5 लीटर महुआ शराब और 900 रुपये बिक्री रकम बरामद की। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 222/26, धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने कहा—अवैध कारोबार पर जारी रहेगा शिकंजा
धमतरी पुलिस के मुताबिक जिले में अवैध शराब के क्रय-विक्रय और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर निगरानी रखते हुए सूचना के आधार पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।