ब्रेकिंग न्यूज़…. ओवरलोड वाहनों ने धंसाई पीएम जनमन सड़क,लापरवाही पर दो इंजीनियर निलंबित,ठेकेदार होगा ब्लैकलिस्ट।

कवर्धा/बोड़ला विकासखंड के दलदली मेन रोड खारिया से अगरी तक प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनी सड़क धंसने के मामले में राज्य स्तरीय जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि सड़क को सबसे अधिक नुकसान क्षमता से कई गुना अधिक वजन वाले ओवरलोड वाहनों के संचालन और शोल्डर निर्माण में तकनीकी खामी के कारण हुआ।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर सड़क की कोर कटिंग सहित तकनीकी जांच कराई। जांच के बाद निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित सहायक अभियंता सौरभ देशमुख और उप अभियंता जे. रितेश नायडू को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए गए। वहीं कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार ठाकुर के निलंबन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने तथा संबंधित ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी जारी किए गए।
जांच में पाया गया कि 10-12 टन क्षमता वाले वाहनों के लिए बनी सड़क पर 60-70 टन तक रेत से लदे भारी वाहन लगातार चल रहे थे। इसके अलावा सड़क के शोल्डर का कॉम्पैक्शन निर्धारित मानकों से कम पाया गया, जिससे बारिश का पानी सड़क की निचली परत तक पहुंच गया और सड़क धंस गई।
सचिव भीम सिंह ने क्षतिग्रस्त हिस्से को पूरी तरह उखाड़कर दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने तथा पूरी सड़क के शोल्डर को मानकों के अनुरूप सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस सड़क पर ओवरलोड वाहनों का संचालन प्रतिबंधित किया जाएगा और परिवहन, पुलिस व राजस्व विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई करेंगे।
तकनीकी जांच में जीएसबी, डब्ल्यूबीएम और बीटी परतों की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई, जबकि शोल्डर निर्माण और पुलिया एप्रोच की बैकफिलिंग में गंभीर खामियां सामने आईं, जिन्हें सड़क क्षतिग्रस्त होने का प्रमुख कारण माना गया।



