खेल मैदान बचाने की मुहिम,सुविधा उपलब्ध कराने,मैगजीन ग्राउंड में पौधारोपण न किए जाने का सौंपा ज्ञापन…

नयाभारत बाॅंकीमोंगरा आज ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय आजाद के नेतृत्व में उपक्षेत्रीय प्रबंधक सुराकछार को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें मैगजीन ग्राउंड में बड़े पैमाने पर पौधारोपण नहीं कराने तथा मैदान को खेल गतिविधियों के लिए सुरक्षित रखने की मांग की गई है। साथ ही मैदान के संरक्षण, विकास और हाई मास्ट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह भी किया गया है।
ज्ञापन में बताया गया है कि मैगजीन ग्राउंड क्षेत्र के बच्चों एवं युवाओं के लिए शारीरिक व्यायाम, खेलकूद और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की शारीरिक तैयारी का प्रमुख केंद्र है। प्रतिदिन लगभग 150 से 200 बच्चे एवं युवा, जिनमें एसईसीएल कर्मचारियों के बच्चे भी शामिल हैं, यहां नियमित रूप से अभ्यास करते हैं।

यदि इस मैदान में बड़े स्तर पर पौधारोपण किया जाता है तो मैदान का अधिकांश हिस्सा खेल एवं अभ्यास के लिए अनुपयोगी हो जाएगा। इससे क्षेत्र के सैकड़ों बच्चों और युवाओं को शारीरिक प्रशिक्षण के लिए पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाएगा। बताया गया कि इसी मैदान से तैयारी कर लगभग 400 से अधिक युवक-युवतियां भारतीय सेना, सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, रेलवे पुलिस सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित होकर देश की सेवा कर रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि बाॅंकीमोंगरा और आसपास के क्षेत्र में इस प्रकार का विशाल एवं समतल खेल मैदान दूसरा उपलब्ध नहीं है। यदि इसका स्वरूप बदल दिया जाता है तो आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि वे पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के विरोधी नहीं हैं, बल्कि उनकी मांग है कि पौधारोपण के लिए किसी अन्य उपयुक्त स्थान का चयन किया जाए, ताकि पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य भी पूरा हो और मांजिन ग्राउंड खेल मैदान के रूप में सुरक्षित बना रहे।


क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांगें
मैगजीन ग्राउंड में बड़े स्तर पर पौधारोपण नहीं कराया जाए तथा इसे स्थायी रूप से खेल मैदान के रूप में सुरक्षित रखा जाए।
मैदान का समुचित समतलीकरण, साफ-सफाई एवं आवश्यक विकास कार्य कराए जाएं।
खिलाड़ियों की सुविधा के लिए हाई मास्ट/फ्लड लाइट की व्यवस्था की जाए, ताकि सुबह और रात में भी सुरक्षित वातावरण में अभ्यास हो सके।
रनिंग ट्रैक, पेयजल, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
एसईसीएल प्रबंधन से जनहित और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक निर्णय लेने तथा मांजिन ग्राउंड को खेल मैदान के रूप में संरक्षित रखने की मांग की है।
ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी संजय आज़ाद,पार्षद,समस्त मैगजीन ग्राउंड सदस्य, एथलेटिक्स खिलाड़ी सहित क्षेत्र के आम नागरिक उपस्थित रहे।



