CG : अरहर-चेंच भाजी की आड़ में ‘गुप्त खेती’, पुलिस पहुंची तो उड़ गए जोश, खेत में खुला गांजे का राज…..

भानुप्रतापपुर। आम फसल की आड़ में गांजे की अवैध खेती करने का मामला सामने आया है। भानुप्रतापपुर के ग्राम भुरसातरहूल में एक किसान ने करीब एक एकड़ खेत में अरहर और चेंच भाजी के बीच गांजे के पौधे उगा रखे थे। पुलिस की दबिश के बाद खेत में चल रही अवैध गांजे की खेती का खुलासा हुआ।
पुलिस को अवैध गांजा खेती की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर SDOP शेर बहादुर सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल खेत में दबिश दी। सामान्य फसल के बीच छिपाकर लगाए गए गांजे के पौधों को देखकर पुलिस ने मौके से कुल 844 गांजे के पौधे जब्त किए। जब्त गांजे का कुल वजन करीब 8.50 किलो बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.25 लाख रुपये है।
मामले में पुलिस ने किसान सुभाष कोरेटी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
SDOP शेर बहादुर सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस को गांजे की अवैध खेती की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए खेत में दबिश दी और अरहर-चेंच भाजी की फसल के बीच छिपाकर की जा रही गांजे की खेती का पर्दाफाश किया।
पुलिस अब इस मामले की आगे भी जांच कर रही है। जांच का दायरा सिर्फ खेत और आरोपी तक सीमित नहीं है, बल्कि गांजे की खेती के पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका, गांजा कहां खपाया जाना था और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।



