CG – आखरी सफर : बस में बैठे-बैठे युवक की संदिग्ध मौत, सफर के दौरान आए झटके, नाक से बहा खून, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम…..

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां बैलाडीला से रायपुर आ रही कांकेर रोडवेज की बस में सफर कर रहे एक युवक की बस में ही अचानक तबीयत बिगड़ी और अस्पताल पहुंचने से पहले उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सफर के दौरान युवक को अचानक तेज झटके आने लगे और उसकी नाक से खून बहने लगा। कुछ ही देर में उसकी हालत गंभीर हो गई और वह अचेत हो गया। स्थिति बिगड़ते देख बस चालक ने अर्जुनी के पास बस रोक दी। इसके बाद तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से युवक को धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतक के साथ एक अन्य व्यक्ति भी बस में यात्रा कर रहा था, लेकिन घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया। उसके गायब होने से मामले में कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल मृत युवक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और मृतक की शिनाख्त के साथ ही उसके साथ यात्रा कर रहे फरार व्यक्ति की तलाश की जा रही है।



