छत्तीसगढ़

CG- कांग्रेस नेता की हत्या की सुपारी! मुख्य आरोपी गिरफ्तार, मॉर्निंग वॉक के दौरान किया गया था हमला, पुलिस ने खोला राज…..

बिलासपुर। कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या की साजिश के मुख्य आरोपी नवीन पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, नवीन पटेल ने श्याम कश्यप की हत्या की साजिश रची थी और वारदात को अंजाम देने के लिए दीपक तिवारी को पैसे मुहैया कराए थे।

इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर चुकी है। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को साजिश से जुड़े कई अहम पहलुओं का पता चलने की उम्मीद है। यह कार्रवाई तारबाहर पुलिस और ACCU की टीम ने संयुक्त रूप से की है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हमले के पीछे की वजह और पूरी साजिश की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

पांच लाख की सुपारी देकर हत्या की थी साजिश

पुलिस की जांच में सामने आया कि श्याम कश्यप की हत्या की साजिश रची गई थी। पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को इस मामले में अहम जानकारी मिली। जांच के दौरान सामने आया कि दीपक तिवारी ने श्याम कश्यप की हत्या के लिए आरोपियों को पैसे देने का लालच दिया था। अब पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी नवीन पटेल को गिरफ्तार किया है। इसने ही कांग्रेस नेता की हत्या कराने के लिए दीपक तिवारी को पैसे उपलब्ध कराए थे।

पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारियां

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5), 61(2), 109 एवं 55 BNS के तहत कार्रवाई की है। इस मामले में पुलिस पहले नितिन टेकाम और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा फरार आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से हमले से जुड़े आरोपियों तक पहुंच बनाई।

नवीन पटेल की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पूछताछ में हत्या की साजिश, पैसों के लेन-देन और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है। मामले का जल्द ही पुलिस खुलासा कर सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button