छत्तीसगढ़

CG – ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा : जेल में दोस्त से की प्लानिंग, रिहाई के बाद महिला के भेष में रची वारदात की साजिश, पुलिस ने दो लुटेरों को दबोचा…..

कोरबा। जिले के छुरीकला स्थित राज ज्वेलर्स में 1 जुलाई को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि इस वारदात में शामिल 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, मामले में एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार वारदात में चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे का इस्तेमाल किया गया था। गिरफ्तार आरोपी पहले भी हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर मामलों में जेल जा चुके हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपाल सिंह गोंड (38) निवासी घुचापुर और परदेशी राठिया (40) निवासी जिलगा (बरपाली) के रूप में हुई है। वहीं विष्णु प्रसाद राठिया निवासी कोलगा अभी फरार है। मामले में थाना कटघोरा में अपराध क्रमांक 237/2026 के तहत बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज है।

पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1 बजे राज ज्वेलर्स के संचालक राजकुमार अग्रवाल दुकान में अकेले थे। तभी बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग ग्राहक बनकर पहुंचे। तीनों ने गमछे से चेहरा ढंका हुआ था, जिनमें एक आरोपी महिला के भेष में था। चांदी की अंगूठी देखने के बहाने दुकानदार को काउंटर तक बुलाया गया। (Korba Jewelry Robbery Case Solved) इसके बाद एक आरोपी ने दुकान का दरवाजा बंद कर दिया, जबकि दूसरे ने देशी कट्टा तान दिया और मिर्च पाउडर डालने की कोशिश की। तीसरा आरोपी बैग में आभूषण भरने लगा। इसी दौरान बाहर लोगों की भीड़ जुटने पर तीनों आरोपी भाग निकले और घटनास्थल पर देशी कट्टा व चोरी की मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया और साइबर तकनीक व मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच में पता चला कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए जंगल के रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने जशपुर, पत्थलगांव, धरमजयगढ़, सीतापुर और अंबिकापुर सहित कई स्थानों पर दबिश दी।

पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी पहले अलग-अलग गंभीर मामलों में जेल जा चुके थे। जेल में ही उनकी दोस्ती हुई और वहीं उन्होंने रिहाई के बाद लूट की योजना बनाई। बाहर आने के बाद चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे का इंतजाम कर सुनियोजित तरीके से राज ज्वेलर्स में लूट की कोशिश की। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। फरार आरोपी की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button