CG- मां की हत्या : कलयुगी बेटे ने लकड़ी से पीट-पीटकर माँ को मार डाला, बहन पर भी किया हमला, इस वजह से दिया खौफनाक वारदात को अंजाम……

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक बेटे ने अपनी ही मां पर लकड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मां को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची बहन को भी आरोपी ने नहीं बख्शा और उस पर भी हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी बेटे रोशन मिंज उर्फ जिंदल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानिए कब और कैसे दिया घटना को अंजाम
यह पूरा मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान वेनेदिक्ता कुजूर के रूप में हुई है, जो की गढ़ाटोली इलाके में रहती थी। आरोपी रोशन मिंज शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है और हॉस्टल में रहता है। वह दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद अपने घर पहुंचा था। घर पहुंचने पर उसने मां से खाना मांगा। खाना नहीं मिलने की बात पर विवाद शुरू हो गया।
विवाद के दौरान आरोपी गुस्से में आ गया और घर के चूल्हे के पास रखे अधजले लकड़ी के डंडे को उठाकर अपनी मां वेनेदिक्ता कुजूर पर हमला कर दिया। आरोपी ने महिला के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के दौरान आरोपी की बहन घर में सोई हुई थी। मां पर हमला होते देख वह बीच-बचाव करने पहुंची, लेकिन आरोपी ने उस पर भी लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी अपने छोटे भाई के पास पहुंचा और खाना नहीं बचाने की बात को लेकर उसे भी धमकाया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होकर जुरगुम की ओर चला गया। घर में मौजूद बच्चों ने एंबुलेंस की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
घटना के अगले दिन सुबह मृतिका के पति सुरेंद्र मिंज को एक परिचित ने घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह जिला अस्पताल पहुंचे। पत्नी से पूछताछ के दौरान उन्हें घटना की पूरी जानकारी मिली। इसी बीच वह अपनी बेटी की दवाई लेने घर चले गए।
जब वह वापस अस्पताल पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनकी पत्नी वेनेदिक्ता कुजूर की इलाज के दौरान मौत हो गई है। इसके बाद पति की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान आरोपी रोशन मिंज उर्फ जिंदल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने शराब पीने के बाद घर पहुंचने और खाना नहीं मिलने की बात पर मां से विवाद होने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल अधजले लकड़ी के डंडे को गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए। मृतिका के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।



