CG – युवती की मिली लाश, सिर-चेहरे पर वार के निशान, खून से सना सीमेंट का टुकड़ा बरामद, इलाके में फैली सनसनी…..

रायपुर। जिले के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम जुगेसर के उपरखार इलाके में एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 28 वर्षीय बसंती निषाद के रूप में हुई है। महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। घटनास्थल पर खून से सना सीमेंट के टूटे पोल का टुकड़ा मिलने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के मुताबिक, गांव में महिला का शव पड़े होने की सूचना कोटवार विचार दास मानिकपुरी को मिली। इसके बाद वे मौके पर पहुंचे और शव की पहचान बसंती निषाद, पति सागर निषाद, निवासी जुगेसर के रूप में की। सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
पुलिस के अनुसार महिला के सिर, आंख, नाक और चेहरे पर कई गंभीर चोटें थीं। शव के आसपास खून बिखरा हुआ था। पास ही सीमेंट का एक पोल टूटा पड़ा मिला, जिसके बड़े टुकड़े पर खून के निशान दिखाई दिए। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि इसी भारी टुकड़े से महिला पर हमला किया गया होगा।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ शव का पंचनामा कराया। प्रारंभिक मर्ग जांच में चोट के कारण मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया।



