CG-रिश्तों का कत्ल : देवर ने पीट-पीटकर भाभी को उतारा मौत के घाट, भाई की हालत गंभीर, इस वजह से दिया वारदात को अंजाम…..

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में संपत्ति विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच हुआ झगड़ा खूनी संघर्ष में बदल गया। पामगढ़ थाना क्षेत्र के कोसला गांव में एक भाई ने अपने ही भाई और भाभी पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, घायल पति की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, संपत्ति विवाद को लेकर जनक राम साहू का अपने भाई पुनी राम साहू और उसकी पत्नी से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर जनक राम साहू ने दोनों पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में पुनी राम साहू और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद ग्रामीणों ने दोनों घायलों को उपचार के लिए पामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल पुनी राम साहू को बेहतर उपचार के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर रेफर किया गया है।
आरोपी भाई गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने पर पामगढ़ पुलिस अस्पताल पहुंची और परिजनों से मामले की जानकारी ली। फिलहाल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जनक राम साहू को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना के कारणों और पूरे विवाद को लेकर आगे की जांच कर रही है।



