CG – लव स्टोरी का खौफनाक द एंड : छात्र ने गर्लफ्रेंड की गला दबाकर उतारा मौत के घाट, फिर खुद ही बुला ली एंबुलेंस, आरोपी गिरफ्तार…..

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के केलाबाड़ी स्थित सुभाष नगर में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक किराए के मकान में रहने वाले युवक ने अपनी ही प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने युवती को बेहोश समझते हुए खुद ही 108 एंबुलेंस सेवा को फोन कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका उनेश्वरी वर्मा (25 वर्ष) मूल रूप से खैरागढ़ जिले के चिचोला की निवासी थी। वह दुर्ग के बीएम कॉलेज में B.Ed की पढ़ाई कर रही थी और पिछले दो वर्षों से पढ़ाई के सिलसिले में दुर्ग में किराए के मकान में रह रही थी। आरोपी कार्तिक राम साहू (27 वर्ष), जो बालोद जिले का रहने वाला है, उसी कॉलेज में B.Ed का छात्र है और मृतका का सहपाठी था। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि घटना के दिन दोनों के बीच फोन कॉल न उठाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसके बाद आरोपी युवक उनेश्वरी को अपने सुभाष नगर स्थित किराए के कमरे में ले आया, जहां दोनों के बीच बहस और बढ़ गई। विवाद के दौरान आरोपी आक्रोशित हो गया और गुस्से में आकर उसने युवती का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी ने युवती को मृत समझने के बजाय बेहोश समझ लिया और तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को फोन कर दिया। एंबुलेंस के मौके पर पहुंचने पर स्वास्थ्य कर्मियों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। इस दौरान आरोपी युवक कमरे में ही मौजूद रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी कार्तिक राम साहू ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन दुर्ग पहुंच गए। मृतका के पिता ने बताया कि उनेश्वरी उनके दो बेटों में इकलौती बेटी थी और पिछले दो वर्षों से पढ़ाई के लिए दुर्ग में रह रही थी। परिवार को उसके किसी प्रेम संबंध की जानकारी नहीं थी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। डिजिटल साक्ष्य सहित अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं और आरोपी से आगे पूछताछ की जा रही है। यह घटना पूरे क्षेत्र में सनसनी और शोक का माहौल पैदा कर गई है।



