CG-3 तीन की मौत : तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, तीन युवकों की मौके पर मौत, सड़क पर बिखरे शव के टुकड़े, ट्रक चालक फरार…..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। जूनापारा पुलिस चौकी के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गए। वहीं तीनों शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे ग्राम जूनापारा के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को सीधे ठोकर मार दी। ठोकर के बाद बाइक ट्रक में फंस गई और कई मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे में तीनों युवकों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई। इस भयावह हादसे में तीनों युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ एकत्र हो गई। भीषण दुर्घटना को देखकर मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना से बदहवास लोगों ने इसकी सूचना जूनापारा पुलिस चौकी पुलिस को दी। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। सड़क पर बिखरे शवों और लोगों की भीड़ के कारण कुछ समय के लिए आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया था, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बहाल कराया।
पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और एंबुलेंस की मदद से पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के पास से कोई तात्कालिक पहचान पत्र न मिलने के कारण खबर लिखे जाने तक तीनों युवकों की अधिकारिक पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस आसपास के गांवों में संपर्क कर और हुलिए के आधार पर मृतकों की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है।
पुलिस की जांच शुरू, अज्ञात ट्रक की तलाश
जूनापारा चौकी प्रभारी ने बताया कि अज्ञात ट्रक और उसके चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना के बाद फरार ट्रक चालक की तलाश के लिए मुख्य मार्गों और आसपास के ढाबों पर लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।



