CG Rain Alert : छत्तीसगढ़ में फिर जमकर बरसेंगे बदरा, IMD ने जारी किया अलर्ट, जानें कहां कैसा रहेगा मौसम…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, 29 अगस्त से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में बारिश का दायरा बढ़ने के साथ-साथ इसकी तीव्रता भी बढ़ सकती है।
मौसम विभाग ने खासतौर पर मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में तेज बारिश की संभावना जताई है। वहीं प्रदेश के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और रिमझिम फुहारों का दौर जारी रह सकता है।
मानसून के फिर रफ्तार पकड़ने से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। आने वाले दिनों में कई इलाकों में झमाझम बारिश, जबकि कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।
इन तारीखों पर भारी बारिश और बिजली का अलर्ट
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 29 अगस्त को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्ज की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कुछ चुनिंदा जगहों पर तेज पानी गिरने और आकाशीय बिजली चमकने की आशंका है। यह सिलसिला यहीं नहीं थमेगा। 30, 31 अगस्त और 1 सितंबर को भी प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश का अनुमान जताया गया है।
सितंबर की शुरुआत में कैसा रहेगा मौसम?
महीने की शुरुआत भी भीगी-भीगी रहने वाली है। 2 सितंबर को राज्य के कई इलाकों में बारिश के आसार हैं, वहीं 3 सितंबर को मानसून का प्रभाव और अधिक गहरा सकता है। अनुमान है कि 3 सितंबर को राज्य के कुछ स्थानों पर बेहद भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में सितंबर का पहला हफ्ता राज्यवासियों के लिए झमाझम बारिश लेकर आ रहा है।
राजधानी रायपुर के मौसम का मिजाज
बात अगर रायपुर की करें तो 29 अगस्त को शहर में बादल छाए रहेंगे। दिन भर में एक-दो बार तेज बौछारें पड़ने या गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान राजधानी का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।



