छत्तीसगढ़

CG – 3 कांस्टेबल बर्खास्त : पांच पुलिसकर्मियों पर SSP की गिरी गाज, तीन कांस्टेबल को सेवा से किया गया अलग, दो के खिलाफ भी हुई कार्रवाई…..

जशपुर। जशपुर जिले में पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बड़ी कार्रवाई की है। कर्तव्य के प्रति घोर अनुशासनहीनता, उदासीनता और स्वेच्छाचारिता बरतने वाले पांच पुलिस आरक्षकों के खिलाफ कड़ा कदम उठाया गया है।

जानकारी के अनुसार, संबंधित आरक्षक बिना किसी सूचना के लंबे समय तक ड्यूटी से अनुपस्थित रहने के आदी थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच कराई गई। जांच में आरोप प्रमाणित पाए जाने के बाद पांच आरक्षकों के खिलाफ अलग-अलग स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।

विभागीय जांच पूरी होने के बाद तीन आरक्षकों को सेवा से पृथक (बर्खास्त) कर दिया गया है। वहीं शेष दो आरक्षकों के विरुद्ध भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की गई है।

इनमें से एक आरक्षक को एक वेतन वृद्धि के बराबर धनराशि की कटौती संचयी प्रभाव से किए जाने का दंड दिया गया है। जबकि दूसरे आरक्षक को एक वर्ष के लिए आरक्षक के न्यूनतम वेतनमान पर लाने की सजा दी गई है। इस दंड का प्रभाव उसकी भविष्य की वेतन वृद्धि और पेंशन संबंधी लाभों पर भी पड़ेगा।

पुलिस विभाग का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिसकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में ड्यूटी के प्रति लापरवाही, अनुशासनहीनता और बिना अनुमति अनुपस्थित रहने जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर ने स्पष्ट किया है कि विभागीय अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप का माहौल है और कर्मचारियों को अनुशासन का सख्त संदेश गया है।

Related Articles

Back to top button