CG – घर पहुंचने से पहले नदी में समा गए 3 मासूम, एक का शव मिला, दो की तलाश जारी, स्कूल से घर लौटने के दौरान हुआ हादसा…..

तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर में एक दर्दनाक हादसे में स्कूल से घर लौट रहे तीन मासूम बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव में बह गए। बताया जा रहा है कि स्कूल की छुट्टी के बाद तीनों बच्चे नदी पार कर रहे थे, तभी अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और वे उसकी चपेट में आ गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। घंटों की तलाश के बाद एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है। वहीं, दो अन्य बच्चों की तलाश अब भी जारी है। हादसे के बाद इलाके में मातम और परिजनों में गहरा दुख छाया हुआ है।
जाने पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, समडील गांव निवासी तीन बच्चे आज स्कूल से छुट्टी के बाद नदी पार कर अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि उस समय नदी में पानी कम था, लेकिन अचानक तेज बहाव आने से तीनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए और नदी में बह गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की। सूचना पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया। कई घंटे की मशक्कत के बाद एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया।
नदी में बहने वाले बच्चों की पहचान 7 वर्षीय अनमोल जायसवाल, 9 वर्षीय स्तुति जायसवाल और 8 वर्षीय शिक्षा जायसवाल के रूप में हुई है। तीनों ग्राम पंचायत समडील के निवासी बताए गए हैं।
सर्च ऑपरेशन जारी
हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और ग्रामीण लगातार नदी में लापता बच्चों की तलाश कर रहे हैं। अब एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने के बाद सर्च ऑपरेशन को और तेज किए जाने की उम्मीद है।



