छत्तीसगढ़

CG- 4 महिलाएं अचानक हुईं गायब, रहस्यमय ढंग से लापता होने से फैली सनसनी, प्रलोभन देकर ले जाने की आशंका….

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से चार महिलाओं के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। महिलाओं के लापता होने से परिजन परेशान हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि महिलाओं को किसी के द्वारा प्रलोभन देकर अपने साथ ले जाया गया होगा। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने चारों मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 140(3) के तहत अपहरण का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दर्ज मामलों में तीन गौरेला थाना क्षेत्र के हैं, जबकि एक मामला पेंड्रा थाने में दर्ज किया गया है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर लापता महिलाओं की तलाश में जुटी हुई है।

गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम डाहीबहरा में रहने वाली लल्ली बाई भैना ने पुलिस में अपनी 22 वर्षीय पुत्री सीता भैना की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, सीता बिना कुछ बताए घर से कहीं चली गई है। परिचितों और रिश्तेदारों के यहां तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो मां ने थाने पहुंचकर मदद की गुहार लगाई। लल्ली बाई ने आशंका व्यक्त की है कि, किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बेटी को झांसा देकर अपने साथ भगा लिया है।

क्षेत्र के ग्राम पडखुरी से एक 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है। मोहन सिंह की पुत्री भारती गोंड जो गौरेला के महिला महाविद्यालय की छात्रा है दोपहर लगभग 12 बजे घर से निकली थी। शाम ढलने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंची, तो चिंतित परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी खोजबीन शुरू की। कहीं पता न चलने पर पिता ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए किसी अज्ञात व्यक्ति पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह व्यक्त किया है।

वहीं नानी के घर से ट्रेन द्वारा लौट रही एक 19 वर्षीय युवती गौरेला रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद अचानक लापता हो गई। देर रात पिता को फोन कर स्टेशन पहुंचने की जानकारी देने के कुछ ही देर बाद युवती का मोबाइल बंद हो गया। ग्राम बढ़ावनडांड निवासी संतोष सोनवानी ने बताया कि, उनकी बेटी प्रीति सोनवानी मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के ग्राम मलाया स्थित अपनी नानी के घर से ट्रेन से गौरेला आ रही थी। रात लगभग 11 बजे प्रीति ने कॉल कर बताया कि वह स्टेशन के कमानिया गेट के पास उनका इंतजार कर रही है। जब संतोष स्टेशन पहुंचे तो बेटी वहां से गायब थी और उसका फोन भी स्विच ऑफ बताने लगा। परिजनों ने बचरवार निवासी गोलू साहू पर प्रलोभन देकर प्रीति को भगा ले जाने की आशंका जताई है।

पेंड्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम महोरा मझेटोला से एक महिला के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन किए जाने के बाद भी जब महिला का कोई सुराग नहीं मिला, तो उसके पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।ग्राम महोरा मझेटोला निवासी एक युवक रोजाना की तरह अपने काम के सिलसिले में पेंड्रा गया हुआ था। इसी दौरान दोपहर करीब 1:30 बजे उसकी मां सावित्रीबाई ने फोन पर उसे सूचना दी कि,उसकी पत्नी अनीता देवी बिना किसी को बताए घर से कहीं चली गई है। सूचना मिलते ही युवक घर लौटा और परिवार वालों के साथ मिलकर अनीता देवी की आसपास के क्षेत्रों व रिश्तेदारों में तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद पीड़ित पति ने पेंड्रा थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में पति ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसकी पत्नी का अपहरण कर ले जाने का। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस कर रही जांच

गौरेला और पेंड्रा पुलिस ने चारों ही मामलों को गंभीरता से लेते हुए बीएनएस की धारा 140(3) के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया है। लापता युवतियों और विवाहिता का सुराग लगाने के लिए पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है और कॉल डिटेल व संदेहियों के जरिए उनकी तलाश तेज कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button