CG – 5 क्विंटल गांजा जब्त : पुलिस की नाकेबंदी देख गाड़ियां छोड़कर भागे नशे के सौदागर, दो कारों से 5 क्विंटल से ज्यादा गांजा जब्त…..

मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पोड़ी थाना अंतर्गत नागपुर चौकी पुलिस ने चेकिंग के दौरान भारी मात्रा में अवैध गांजा जब्त किया। पुलिस की मुस्तैदी को भांपकर तस्कर मौके पर ही अपनी गाड़ियां छोड़कर फरार हो गए। दोनों वाहनों से कुल 565 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 56 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, नागपुर चौकी पुलिस को क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों के माध्यम से मादक पदार्थों की बड़ी खेप ले जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना पर तत्काल एक्शन लेते हुए पुलिस टीम ने नागपुर चौकी क्षेत्र में नाकेबंदी कर वाहनों की कड़ाई से जांच शुरू की। इसी दौरान दो संदिग्ध कारें आती हुई दिखाई दीं। पुलिस बल को सामने मुस्तैद देखकर तस्करों में हड़कंप मच गया। पकड़े जाने के डर से तस्करों ने सड़क किनारे ही दोनों गाड़ियां छोड़कर भागने में सफल रहे।
पुलिस ने तत्काल दोनों लावारिस कारों को अपने कब्जे में लिया और उनकी सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों ही गाड़ियों के भीतर भारी मात्रा में गांजे के पैकेट ठूस-ठूस कर भरे हुए मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस के आला अधिकारी भी पहुंच गए। वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में जब जब्त किए गए मादक पदार्थ का वजन कराया गया तो आंकड़ों ने सबको चौंका दिया। पहली कार से 300 किलो और दूसरी कार से 265 किलो गांजा मिला। कुल 565 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 56,50,000 रुपए है।
नागपुर चौकी क्षेत्र में हुई यह कार्रवाई मनेन्द्रगढ़ जिले में नशे के खिलाफ हाल के दिनों की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस ने दोनों कारों और गांजे की खेप को जब्त कर अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन नंबर और इंजन-चेसिस नंबर के आधार पर फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है। इसके साथ ही इस पूरे तस्करी नेटवर्क और बैकवर्ड-फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।



