CG 52 पत्ती का खेल, पुलिस का धावा, नगरी में बिजली ऑफिस के पास सज रही थी जुए की महफिल,5 जुआरी गिरफ्तार, ₹15,800 नगद जब्त..!

Chhattisgarh धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में जुआ-सट्टा के खिलाफ पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। इसी कड़ी में नगरी पुलिस ने बिजली ऑफिस के पास सार्वजनिक स्थान पर काट पत्ती जुआ खेल रहे 5 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 15 हजार 800 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में जुआ-सट्टा सहित अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान नगरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बिजली ऑफिस के पास कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे पांच लोगों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में निक्कू सोम (32 वर्ष), विरेन्द्र साहू (50 वर्ष), भोला निषाद (29 वर्ष), तीरथ राम रावत (45 वर्ष) और अश्वनी ठाकुर (40 वर्ष), सभी निवासी नगरी, जिला धमतरी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15,800 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की है। इस मामले में थाना नगरी में अपराध क्रमांक 78/2026 के तहत धारा 3(2) जुआ एक्ट में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। फिलहाल मामले को विवेचना में लिया गया है।
धमतरी पुलिस की अपील: पुलिस ने आम नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर जुआ-सट्टा सहित अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहने और ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
