CG – नशे में बन बैठा सांपों का दोस्त, सांप को गले का हार बनाकर पूरे गांव में घूमता रहा युवक, फिर जो हुआ……

मरवाही। गौरेला थाना क्षेत्र के भदौरा गांव में शराब के नशे में एक ग्रामीण ने जहरीले फन वाले सांप को गले में लपेट लिया और काफी देर तक पूरे गांव में घूमता रहा। हैरानी की बात यह रही कि सांप ने उसे कई बार डस भी लिया, लेकिन नशे में होने के कारण उसे इसका कोई डर नहीं रहा।
कुछ देर बाद हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज शुरू किया गया। हालांकि, अस्पताल में भर्ती होने के बाद वह मौका पाकर अचानक गायब हो गया। इसके बाद परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, भदौरा गांव निवासी संतराम भैना शराब के नशे में धुत होकर पड़ोसी के घर में घुसे एक खतरनाक सांप को पकड़ने पहुंच गया। सांप को काबू में करने के बाद उसने उसे अपने गले में फंसा लिया और गांव की गलियों में घूमने लगा। इस बीच जहरीले सांप ने उसे कई बार डस लिया।
इलाज के दौरान अस्पताल से भागा
जहर का असर होने पर संतराम की हालत बिगड़ने लगी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान संतराम मौका पाकर अस्पताल से भाग निकला। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। परिजन उसकी जान को लेकर बेहद चिंतित हैं और लगातार उसकी खोजबीन कर रहे हैं।


