CG News : छत्तीसगढ़ के नामी विश्वविद्यालय में लीक हुआ पेपर, परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पेपर, छात्रों में आक्रोश…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में परीक्षा से पहले ही पेपर लीक होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एग्जाम से पहले ही सोशल मीडिया पर पेपर वायरल होने लगा था। फिलहाल मामले को लेकर छात्रों ने विरोध करते हुए विश्व विद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।
कृषि विश्वविद्यालय में पेपर लीक
मिली जानकारी के अनुसार इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में एंटोमोलॉजी का सेमेस्टर एग्जाम होना था। परीक्षा 10 बजे से आयोजित की गई थी, लेकिन सुबह 8 बजे ही सोशल मीडिया पर सेमेस्टर एग्जाम का पेपर वायरल होने लगा था। पेपर लीक होने की खबर सामने आने के बाद छात्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला है। अब देखने वाली बात होगी कि प्रबंधन पेपर लीक मामले में क्या एक्शन लेती है।
जांच के बाद खुलेगा पूरे मामले का राज
फिलहाल, यह सवाल भी उठ रहा है कि परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र आखिर छात्रों तक कैसे पहुंचा और इसमें विश्वविद्यालय से जुड़े किसी व्यक्ति की भूमिका है या नहीं। मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पेपर लीक की सूचना ने विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


