छत्तीसगढ़

CG- एक दिन की SP बनीं छात्रा : न उम्र की परवाह, न पद का दबाव! एक दिन की SP बनी छात्रा ने अधिकारियों को दिए ये कड़े निर्देश….

कोंडागांव। शासकीय हाई स्कूल जैतपुरी, फरसगांव के छात्र-छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली से रूबरू कराने के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कराया। साथ ही पुलिस की कार्यशैली, विभागीय गतिविधियों और कानून व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस भ्रमण के जरिए विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की जिम्मेदारियों और कामकाज को करीब से समझने का अवसर मिला।

इस अवसर पर छात्राओं को प्रोत्साहित करने और उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से विद्यालय की छात्रा प्रिया नेताम को एक दिन के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) बनाया गया। एसपी की जिम्मेदारी संभालते ही प्रिया नेताम ने अपने विद्यालय में पेयजल की समस्या को प्रमुखता से उठाया और समस्या के निराकरण के लिए स्कूल में वाटर फिल्टर लगाए जाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने छात्र-छात्राओं को पुलिस विभाग में उपयोग की जाने वाली आधुनिक तकनीकों के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को आईरिस स्कैनर, क्राइम मैक एप्लीकेशन एवं फिंगरप्रिंट तकनीक की कार्यप्रणाली और अपराधों की जांच में इनके महत्व के बारे में विस्तार से समझाया।

विद्यार्थियों को बताया गया कि किस प्रकार आधुनिक तकनीक का उपयोग अपराधियों की पहचान करने, अपराधों के अनुसंधान और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने में किया जाता है। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने तकनीकी उपकरणों और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर उत्सुकता दिखाई और महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

Related Articles

Back to top button