CG- ब्रेनवॉश कर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप, SDM कार्यालय के बाहर गरजे हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता, आंदोलन की दी चेतावनी……

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में धर्मांतरण के आरोपों को लेकर विवाद गहरा गया है। शुक्रवार को हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने SDM कार्यालय के सामने धरना देकर विरोध जताया। संगठन के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि क्षेत्र में खुलेआम प्रार्थना सभाएं आयोजित की जा रही हैं और लोगों का ब्रेनवॉश कर उनका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
दरअसल, मामला बोरिद खुर्द गांव का है। गांव के एक दंपति आज कोतवाली थाना पहुंचे। परिवार का आरोप है कि 2018 में डीकेश साहू से शादी करने वाली निर्मला साहू शादी के तीन साल बाद बिना बताए प्रार्थना सभाओं में जाने लगीं। परिवार ने मना किया तो महिला ने हिंदू रीति रिवाजों को मानने से साफ इनकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को महिला परिवार को बिना जानकारी दिए चंगाई सभा में चली गईं। पति ने पीछा किया, तो महिला प्रार्थना सभा में मिलीं। इसके बाद परिजन उसे पकड़कर थाने ले आए। थाने में महिला ने साफ कह दिया कि वह ईसाई धर्म नहीं छोड़ेगी चाहे परिवार छोड़ना पड़े।
इस घटना के बाद हिंदू जागरण मंच में आक्रोश फैल गया और कार्यकर्ता SDM कार्यालय के पास धरने पर बैठ गए। हिंदू जागरण मंच का गंभीर आरोप है कि हिंदू लोगों का ब्रेनवॉश कर धर्मांतरण कराया जा रहा है और नए कानून के बावजूद सभाओं पर रोक नहीं लग रही। मंच ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने जल्द एक्शन नहीं लिया, तो इससे भी उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
वहीं महिला के परिवार का कहना है कि महिला को तभी घर ले जाया जाएगा जब वह हिंदू रीति रिवाज से रहेगी, नहीं तो महिला को प्रार्थना सभा में ही छोड़ दिया जाएगा। बहरहाल SDM का कहना है अभी फिलहाल लिखित में कोई आवेदन नहीं आई है। आवेदन आने के बाद मामले में कार्रवाई की जाने की बात कही है।



