छत्तीसगढ़

CG – कांग्रेस में नियुक्ति पर बखेड़ा! जारी होते ही रद्द हुई वार्ड अध्यक्षों की नियुक्ति, इस्तीफों का दौर शुरू…..

रायपुर। शहर कांग्रेस संगठन सृजन को लेकर अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन द्वारा जारी की गई 66 वार्डों में अध्यक्षों की नियुक्ति को कुछ ही घंटे में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ने इसे निरस्त कर दिया। पीसीसी ने स्पष्ट कहा कि सूची को बिना सहमति से जारी की गई है, जिसके चलते इसे अवैधानिक माना गया है। आरोप है कि कई वरिष्ठ नेताओं के नामों को नजरअंदाज किया गया।

बिना अनुमादेन जारी

आदेश में स्पष्ट लिखा है कि शहर अध्यक्ष द्वारा बिना पीसीसी के अनुमोदन के सूची जारी की गई थी, जिसे तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जा रहा है। इस संबंध में शहर कांग्रेस अध्यक्ष मेनन का कहना है कि ये शहर अध्यक्ष का अधिकार है।

हालांकि उन्होंने यह भी माना कि पीसीसी के पास सूची को निरस्त करने का विशेषाधिकार है। उन्होंने कहा कि सूची में जो कुछ भी कमी होगी उस पर चर्चा कर ठीक कर लेंगे। किसी प्रकार की शिकायत की बात नहीं है।

इस फैसले के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई है। कई जगहों पर असंतोष देखने को मिल रहा है और इस्तीफों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। वरिष्ठ कार्यकर्ता दिनेश ठाकुर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दुख जताते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया। हालांकि, पार्टी की ओर से स्थिति को संभालने की कोशिश भी जारी है। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद ने कहा कि यह कोई मतभेद या गड़बड़ी का मामला नहीं है, बल्कि प्रक्रिया से जुड़ा विषय है, जिसे सुधार लिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button