CG- मतपेटी चोर का पर्दाफाश! 10 पेटियां चोरी कर कबाड़ी के पास खपाईं, दोनों ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे…..

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में मतपेटी चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा कार्यालय में रखी 10 मतपेटियां चोरी कर कबाड़ी को बेच दी थीं। मामले की जांच के बाद पुलिस ने चोरी करने वाले आरोपी के साथ मतपेटियां खरीदने वाले कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कबाड़ी के कब्जे से 6 मतपेटियां बरामद की हैं।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, 18 अक्टूबर को प्रार्थी राजू सारथी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि वह चुनाव कार्य की तैयारी हेतु ड्यूटी पर उपस्थित था। इसी दौरान लगभग 11 बजे ग्रामीण यांत्रिकी सेवा कार्यालय के चौकीदार ने कार्यालय में आकर बताया कि एक व्यक्ति पेटी उठाकर ले जा रहा है। जानकारी मिलने पर कार्यालय से बाहर निकलकर देखने पर पेटी ले जाने वाला अज्ञात व्यक्ति वहां नहीं मिला। इसके बाद स्थानीय निर्वाचन कार्यालय के मतपेटी रखने के गोदाम में जाकर जांच करने पर 10 मतपेटियां गायब थी।
थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में धारा 331(2), 305(e) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जाँच में लिया गया। मामले की विवेचना के दौरान आरोपी की पतासाजी की जा रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि युशु यादव नामक व्यक्ति द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था।
पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने घटना करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा वाहन CG 07 CR 0648, कीमत 70,000 रुपये व नगदी 200 रुपये जब्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया।
कबाड़ी दुकान में बेचा
आरोपी युशु यादव ने पूछताछ में बताया कि चोरी की गई मतपेटियां उसने गयानगर निवासी देवानंद सोनी की कबाड़ी दुकान में बेची थी। इस बयान के आधार पर देवानंद सोनी को गिरफ्तार कर पूछताछ किया गया। पूछताछ में उसके द्वारा चोरी की मतपेटियां खरीदना बताया। उसके कब्जे से 6 नग मतपेटियां जप्त की गई। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ सबूत पाए जाने पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. युशु यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी मिलपारा, दुर्ग, थाना सिटी कोतवाली दुर्ग, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
2. देवानंद सोनी, उम्र 65 वर्ष, निवासी गयानगर, वार्ड नंबर 03, गली नंबर 03, दुर्ग, थाना सिटी कोतवाली दुर्ग, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़)।
जब्त सामग्री
1. चोरी की गई 6 नग मतपेटियां-कीमत 6,000 रुपये।
2. घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा वाहन क्रमांक CG 07 CR 0648-कीमत 70,000 रुपये।
3. नगदी रकम।
पुलिस अपील
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी चोरी की संपत्ति को बिना वैध दस्तावेज एवं उचित सत्यापन के न खरीदें। चोरी की संपत्ति खरीदना या उसे रखने में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा चोरी की संपत्ति के संबंध में जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना को सूचित करें।



