CG – बांगो डैम 92.48% भरा, खोले गए 5 गेट; 35 गांवों में बाढ़ का खतरा, अलर्ट जारी……

कोरबा। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के चलते कोरबा जिले के मिनीमाता बांगो डैम का जलस्तर 92.48 प्रतिशत तक पहुंच गया है। जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन डैम के 5 गेट खोल दिए हैं। इन गेटों से हसदेव नदी में करीब 3,005 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। पानी छोड़े जाने के बाद नदी के आसपास के इलाकों में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
हसदेव नदी किनारे 35 गांवों में अलर्ट
बांगो डैम के गेट खोले जाने के बाद हसदेव नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए नदी किनारे बसे 35 गांवों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया गया है।प्रशासन की ओर से इन गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को स्थिति की जानकारी दी गई है। लोगों से नदी, नालों और निचले इलाकों से दूर रहने की अपील की गई है।
अलर्ट वाले गांवों में बांगो, चर्रा, पोड़ी-उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा और सिरकीकला शामिल हैं।
ग्रामीणों से नदी के पास नहीं जाने की अपील
प्रशासन ने ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। लोगों से नदी के किनारे जाने, पानी के तेज बहाव वाले क्षेत्रों में प्रवेश करने और निचले इलाकों में जाने से बचने को कहा गया है।डैम से पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन लगातार जलस्तर की निगरानी कर रहा है। परिस्थितियों के अनुसार आगे भी जरूरी कदम उठाए जा सकते हैं।
अगले चार दिनों तक भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर अभी जारी रहने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक भारी बारिश होने का अनुमान है।15 और 16 अगस्त को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। इसके बाद 17 और 18 अगस्त को भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।19 अगस्त को भी भारी बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी है, जबकि 20 और 21 अगस्त को बारिश की संभावना बनी रहेगी, हालांकि इन दोनों दिनों के लिए कोई विशेष चेतावनी नहीं है।
पिछले 24 घंटे में कई इलाकों में बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सरगुजा संभाग के एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश भी हुई।मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बिलासपुर में 29 मिमी, पेंड्रा रोड में 30 मिमी, अंबिकापुर में 9.8 मिमी और जगदलपुर में 35.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।रायपुर के लालपुर और माना एयरपोर्ट पर भी 3.6-3.6 मिमी बारिश दर्ज हुई।
प्रदेश में सामान्य से 8% कम बारिश
मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में अब तक हुई मौसमी बारिश सामान्य श्रेणी में है। हालांकि सामान्य औसत की तुलना में प्रदेश में करीब 8 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है।आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का दौर बना रह सकता है।



